बलरामपुर- बारह रबीउल अव्वल के पावन पर्व एवं इस अवसर पर निकलने वाले जुलूस को दृष्टिगत रखते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा श्रद्धालुओं एवं जुलूस में शामिल लोगों के लिए नगर के प्रमुख चौराहों पर पेयजल स्टॉल की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन में पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
नगर पालिका अधिकारी लालचंद मौर्य ने बताया कि 25 एवं 26 अगस्त को नगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर लगाए गए पेयजल स्टॉलों पर सुबह 8 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों एवं आम नागरिकों को निर्बाध रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति जारी रखने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि जुलूस मार्ग पर जानवरों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई तथा प्रकाश व्यवस्था को सुविधाजनक बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका द्वारा वीर विनय चौराहा स्थित पेयजल स्टॉल पर दीनानाथ एवं आशुतोष वाल्मीकि,बड़ा पुल पर राजेंद्र वर्मा एवं मदन गोपाल, गर्ल्स स्कूल चौराहा पर अमरेन्द्र दुबे एवं प्रमोद पाण्डेय तथा मेजर चौराहा स्थित पेयजल स्टॉल पर रितेश एवं अजय चौहान की ड्यूटी लगाई गई है।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने पेयजल स्टॉल पर उपस्थित रहने तथा पर्व के दौरान आने-जाने वाले लोगों को निर्बाध रूप से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। स्टॉलों पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है।
सभी पेयजल स्टॉलों की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण एवं आवश्यक समन्वय के लिए जेई जल धर्मेंद्र गौड़ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि पर्व के दौरान नगरवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जुलूस के दौरान पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने