बलरामपुर- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन (Rationalization) की प्रक्रिया के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के समस्त मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, भवनों का चयन एवं पुनर्निर्धारण कर 04 जुलाई, 2026 को आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया था। आलेख्य सूची के प्रकाशन के उपरांत केवल विधान सभा क्षेत्र 292-गैसड़ी से एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका नियमानुसार परीक्षण कर निस्तारण कर दिया गया। अन्य किसी विधानसभा क्षेत्र से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि संभाजन की प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद में कुल 18 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं। इनमें विधान सभा क्षेत्र 291-तुलसीपुर में 06, 292-गैसड़ी में 03, 293-उतरौला में 01 तथा 294-बलरामपुर में 08 नए मतदेय स्थल शामिल हैं। इसी प्रकार 291-तुलसीपुर में 22, 292-गैसड़ी में 08, 293-उतरौला में 24 तथा 294-बलरामपुर में 17, कुल 71 मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संभाजन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत जनपद में पूर्व के 1805 मतदेय स्थलों के स्थान पर वर्तमान में 1752 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा मतदेय स्थलों के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।
बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, संबंधित अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know