बलरामपुर- समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में तहसीलवार समारोह आयोजित किए जाएंगे। 20 जुलाई 2026 को शालीमार मैरिज लॉन, तहसील उतरौला, 23 जुलाई 2026 को एमडीएसआर मैरिज लॉन, तहसील तुलसीपुर तथा 25 जुलाई 2026 को माया होटल, तहसील बलरामपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा। इन समारोहों में संबंधित विकास खंडों एवं नगर निकायों के पात्र जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं सामाजिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक आयोजन स्थल के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है, ताकि कार्यक्रम का प्रभावी समन्वय एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। तहसील उतरौला में आयोजित कार्यक्रम के लिए परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग, तहसील तुलसीपुर के लिए उपायुक्त श्रम एवं रोजगार तथा तहसील बलरामपुर के लिए जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
लाभार्थियों को प्रदान की जाने वाली ब्राइडल किट एवं विवाह सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किट परीक्षण समितियों का भी गठन किया गया है, जो सामग्री का परीक्षण कर गुणवत्ता की पुष्टि करेंगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था, पार्किंग सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र जोड़े का विवाह गरिमामय, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक एवं सामाजिक गरिमा के साथ विवाह आयोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जनपद प्रशासन द्वारा कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जा रही हैं, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी इस योजना का सुचारु एवं प्रभावी लाभ प्राप्त कर सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know