जनपद बलरामपुर- अपर पुलिस अधीक्षक विशल पाण्डेय द्वारा पुलिस कार्यालय बलरामपुर के सभागार कक्ष में जनपद के समस्त थानों पर गठित साइबर सेल एवं साइबर हेल्पडेस्क पर नियुक्त प्रभारी एवं पुलिस कर्मियों के साथ विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई तथा साइबर अपराध से पीड़ित नागरिकों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराध से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तत्काल आवश्यक विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके।
महोदय द्वारा समय-समय पर उच्चाधिकारी स्तर से निर्गत साइबर अपराध संबंधी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर हेल्पडेस्क पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने, शिकायतों का नियमित मानीटरिंग करने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित पोर्टलों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि साइबर अपराध के पीड़ित अक्सर मानसिक तनाव एवं आर्थिक हानि की स्थिति में पुलिस के पास सहायता हेतु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह पीड़ितों के साथ *संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार* करते हुए उनकी शिकायत का तत्काल पंजीकरण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए। 
गोष्ठी के दौरान साइबर अपराधों की नवीन प्रवृत्तियों, डिजिटल फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध, फिशिंग, निवेश संबंधी ठगी, फर्जी लिंक एवं अन्य साइबर अपराधों की रोकथाम के संबंध में भी आवश्यक जानकारी साझा की गई। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित प्रतिक्रिया देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
 तत्पश्चात बैठक महोदय द्वारा सभी पुलिस कर्मियों को पूर्ण निष्ठा, तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा प्रत्येक पीड़ित को समयबद्ध न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराना बलरामपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर जनपद के समस्त थानों के साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी एवं नियुक्त पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने