अम्बेडकर नगर
नगर पालिका अकबरपुर की लापरवाही अब नागरिकों की सांसों पर भारी पड़ रही है। शहजादपुर के तिरंगा चौराहा नेकी घर के बगल क्षेत्र में खुले में कूड़े का पहाड़ बनाया जा रहा है। पूरे शहर का कचरा यहीं डंप किया जाता है, फिर यहीं से लोड करके बाहर ले जाया जाता है। नतीजा? चारों तरफ घुटन भरी दुर्गंध, मक्खियों का ऐसा हमला कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिन-रात फैलती इस बदबू ने उनका जीवन पूरी तरह ढीला कर दिया है। घरों के अंदर बैठना मुश्किल, बच्चों को स्कूल भेजना सजा बन गया है। मुख्य मार्ग पर गुजरने वाले आम नागरिक और स्कूली बच्चे लगातार इस जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। गंदगी, कीड़े-मकोड़े और प्रदूषण ने पूरे इलाके को बीमारियों का अड्डा बना दिया है।स्वच्छ भारत अभियान का ढिंढोरा पीटने वाले प्रशासन को अपने शहर की इस हालत पर शर्म आनी चाहिए। कूड़े का यह अस्थायी कबाड़खाना न सिर्फ महक रहा है, बल्कि इलाके की गरिमा और लोगों के स्वास्थ्य को भी निगल रहा है।प्रशासन से मांग है कि तुरंत डंपिंग साइट को हटाया जाए, वैकल्पिक स्थायी जगह तय की जाए और इलाके की सफाई कराई जाए। अन्यथा यह लापरवाही पूरे शहर के लिए बड़ी समस्या बन जाएगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने