दहेज हत्या के आरोप में पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज, बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम भरथीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फरेंदा थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 0187/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, धारा 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता संतकबीरनगर जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम शनिचरा निवासी राधेश्याम निषाद ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन की शादी 7 फरवरी 2023 को भरथीपुर निवासी श्रीकेश साहनी से हुई थी। विवाह के बाद से पति व ससुराल पक्ष दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 9 जुलाई 2026 की शाम विवाहिता की हत्या कर दी गई।
एफआईआर में श्रीकेश, रामकेश, जोगी, कविता और इस्रावती को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
एफआईआर दर्ज होना आरोपों के सत्य होने का प्रमाण नहीं है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know