बलरामपुर- जनपद में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विकसित हो रहे निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित लोकार्पण की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) के प्रबंध निदेशक (एमडी) आरएन सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न भवनों, प्रशासनिक ब्लॉक, शैक्षणिक भवनों, सभागार, सड़क, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज, हरित क्षेत्र, परिसर सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय जनपद ही नहीं बल्कि पूरे देवीपाटन मंडल के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के लोकार्पण को दृष्टिगत रखते हुए सभी फिनिशिंग कार्यों में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूर्ण कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में भवनों की आंतरिक एवं बाह्य फिनिशिंग, रंगाई-पुताई, फर्श, विद्युत फिटिंग, पेयजल व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई, मार्गों के निर्माण, लैंडस्केपिंग एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिसर को पूर्णतः व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर यूपीआरएनएन के प्रबंध निदेशक ने निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया तथा शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विश्वविद्यालय का लोकार्पण उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी भवन खंड व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने