जनपद बलरामपुर- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में तथा डीएम श्री विपिन कुमार जैन के दिशा-निर्देशन में जिला स्तरीय "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
आगामी 31 जुलाई 2026 को महारानी लाल कुंवरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलरामपुर में 15 से 29 वर्ष (20 जुलाई 2026 को) आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है।
​जिले के युवाओं की प्रतिभा को निखारने तथा नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए 6 विधाओं में ऑफ़लाइन (जिला स्तरीय) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें लोकगीत (Folk Song), नृत्य, नुक्कड़ नाटक / माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद / भाषण तथा स्लैम पोएट्री प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम को बढ़ावा देने के लिए शॉर्ट फिल्म / रील प्रतियोगिता तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन MY Bharat Portal के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।
​इन प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त संपूर्ण जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी, विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान आयोजित होंगे, खेल गतिविधियां, अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्त मित्र एवं यूथ क्लब का गठन, हस्ताक्षर अभियान तथा सोशल मीडिया के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।

​प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व युवाओं के लिए MY Bharat Portal पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर 'Sign In' करें तथा अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल पर प्राप्त OTP दर्ज कर लॉगिन करें।
​लॉगिन करने के उपरांत अपना राज्य और जिला (बलरामपुर) चुनें। इसके बाद "Ongoing Events" में जाकर "Nasha Mukt Yuva" खोजें अथवा "Volunteer for Bharat" सेक्शन में जाकर "Nasha Mukt" विकल्प पर क्लिक करें।
​तत्पश्चात अपनी रुचि के अनुसार संबंधित प्रतियोगिता (संगीत, नृत्य, रील/लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, भाषण, चित्रकला या स्लोगन लेखन) का चयन करें और स्क्रीन पर दिए गए पात्रता, नियम, समय-सीमा व आवश्यक दस्तावेजों संबंधी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। अंत में 'Apply' बटन पर क्लिक करके आवश्यक विवरण भरें और अपने आवेदन को सफलतापूर्वक सबमिट करें।
​कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। जिला युवा अधिकारी (मेरा युवा भारत) तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी को स्थल व्यवस्था, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समन्वयक (NSS), नोडल अधिकारी (NCC) व जिला क्रीड़ाधिकारी को प्रतिभागियों का पंजीकरण व खेल आयोजन, मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सकीय व्यवस्था, जिला मद्य निषेध अधिकारी को मद्य निषेध प्रचार तथा जिला पंचायत राज अधिकारी व खण्ड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति शपथ कराने का दायित्व सौंपा गया है।

​               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने