बलरामपुर- जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्य शिक्षा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने नगर पालिका परिषद उतरौला के अंतर्गत चयनित 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
शासन द्वारा नगर पालिका परिषद उतरौला में बाल विकास परियोजना की स्वीकृति प्रदान किए जाने के उपरांत जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड समय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की चयन एवं नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कर दी। इससे शहरी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक बाल्य शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अब नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक पात्र परिवार तक समेकित बाल विकास सेवाओं की पहुंच और अधिक सशक्त एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल्य शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक गर्भवती महिला, धात्री माता एवं छह वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना, पोषण स्तर में सुधार लाना तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देना प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यकत्रियां नियमित गृह भ्रमण करें, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं का सतत अनुश्रवण करें, बच्चों की लंबाई एवं वजन का नियमित मापन सुनिश्चित करें, कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करें तथा पोषण जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करें। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की अन्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद उतरौला में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति से अब शहरी क्षेत्र में समेकित बाल विकास सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पूरक पोषण, प्रारंभिक बाल्य शिक्षा, पोषण परामर्श तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा, जिससे महिलाओं एवं बच्चों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विभागीय कार्यप्रणाली, सेवा दायित्वों एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।
जनपद प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने समर्पित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यों से नगर पालिका परिषद उतरौला में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्य शिक्षा सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know