मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में सहारनपुर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन कार्यों एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा की

सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें : मुख्यमंत्री

जनप्रतिनिधिगण प्रस्तावों में संशोधन या सुझाव तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके तथा 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके

कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके

सहारनपुर मण्डल में कुल 3,282.44 करोड़ रु0 की लागत से 1,188 विकास कार्य प्रस्तावित

लखनऊ : 01 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज सहारनपुर में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में सहारनपुर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन कार्यों एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने विधान सभावार प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि जनप्रतिनिधिगण प्रस्तावों में कोई संशोधन या सुझाव देना चाहते हैं, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके तथा 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके।
मुख्यमंत्री जी को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि सहारनपुर मण्डल में कुल 3,282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1,188 विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनके अन्तर्गत 06 स्टेट हाई-वे, 68 एम0डी0आर0/ओ0डी0आर0, 01 बाईपास, 05 धर्मार्थ कार्य, 01 लॉजिस्टिक/इण्डस्ट्रियल कार्य, 05 आई0एस0सी0 रोड, 504 चीनी मिल सम्बन्धी कार्य, 155 न्यू कंस्ट्रक्शन, 02 सी0आर0आई0एफ0 रोड, 04 रोड सेफ्टी सम्बन्धी कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 बडे़/लघु सेतु कार्य, नगरीय क्षेत्रों में 02 बडे़/लघु सेतु कार्य, 06 आर0ओ0बी0 तथा 369 मार्गों का मरम्मत कार्य सम्मिलित हैं।
बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सन्दीप सिंह, संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

------- 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने