145 शोधार्थियों ने लिखी हरित भविष्य की नई इबारत, एक पेड़ मां पाटेश्वरी के नाम अभियान में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
बलरामपुर, 27 जुलाई 2026।
माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर में प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान एवं विश्वविद्यालय की पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता के अंतर्गत "एक पेड़ माँ पाटेश्वरी के नाम" अभियान के तहत आज विश्वविद्यालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम विश्वविद्यालय में आयोजित प्रथम प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क परीक्षा के सफल समापन के उपरांत शोधार्थियों की प्रेरणादायक पहल पर संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2024-25 की पी. एच. डी प्रवेश  परीक्षा जून 2025 में प्रथम बार आयोजित की गई थी। चयनित शोधार्थियों की कोर्सवर्क कक्षाएँ  नियत समय पर प्रारंभ हुईं। निर्धारित शैक्षणिक कार्यक्रम के अनुसार 25 एवं 27 जुलाई 2026 को प्रथम प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क बैच की परीक्षाएँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। परीक्षा समाप्ति के उपरांत 145 शोधार्थियों ने शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के संरक्षक एवं कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह के नेतृत्व में हुआ। शोधार्थियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर हरित परिसर के निर्माण तथा प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने कहा कि "एक पेड़ माँ पाटेश्वरी के नाम" केवल एक वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृशक्ति और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि शोध केवल पुस्तकों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज, पर्यावरण और मानवता के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी शोधार्थियों के व्यक्तित्व का अभिन्न अंग होनी चाहिए। उन्होंने सभी शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से अपने द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि विश्वविद्यालय परिसर भविष्य में एक आदर्श ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित हो सके।
परीक्षा समाप्त होते ही शोधार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। सभी प्रतिभागियों ने पूरे परिसर में उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु संतुलन का प्रभावी संदेश दिया। उनकी सामूहिक सहभागिता ने इस वृक्षारोपण महायज्ञ को प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय स्वरूप प्रदान किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में प्रत्येक शैक्षणिक, शोध एवं संस्थागत गतिविधि को "एक पेड़ माँ पाटेश्वरी के नाम" अभियान से जोड़ते हुए वृक्षारोपण को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवन शैली के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता विकसित की जा सके।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक श्री दिनेश कुमार मौर्य, रजिस्ट्रार श्री परमानंद सिंह, परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. राघवेंद्र सिंह, सहायक केंद्राध्यक्ष प्रो. विमल प्रकाश वर्मा, डॉ. बसंत कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं सभी शोधार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने