बलरामपुर-: डीएवी इंटर कॉलेज, बलरामपुर की प्रबंध समिति ने तदर्थ प्रधानाचार्य एवं प्रवक्ता हरि प्रकाश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रबंध समिति की 12 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में घोर वित्तीय अनियमितता एवं अनुशासनहीनता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद की गई। इस संबंध में प्रबंधक संजय तिवारी द्वारा 13 जुलाई 2026 को निलंबन आदेश जारी किया गया।
आदेश के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है। हरि प्रकाश वर्मा को शीघ्र ही आरोप पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें वित्तीय नियमों के अनुसार आधा निर्वाह भत्ता तथा उस पर देय महंगाई भत्ता मिलेगा। इसके लिए उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि वे किसी अन्य सेवा, व्यवसाय या वित्तीय गतिविधि में संलग्न नहीं हैं।
निलंबन अवधि में हरि प्रकाश वर्मा को विद्यालय के प्रधान लिपिक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उन्हें विद्यालय समय में कार्यालय में उपस्थित रहने तथा बिना पूर्व अनुमति जनपद मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रबंध समिति ने वरिष्ठता क्रम में द्वितीय स्थान पर मौजूद प्रवक्ता अजय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से कार्यवाहक प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपने का आदेश दिया है। साथ ही हरि प्रकाश वर्मा को निर्देशित किया गया है कि वे प्रधानाचार्य पद का समस्त कार्यभार तत्काल अजय कुमार सिंह को हस्तांतरित करें।
इस आदेश की प्रतिलिपि शिक्षा निदेशक, संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, वित्त एवं लेखाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। विद्यालय में इस कार्रवाई को लेकर शिक्षा जगत में व्यापक चर्चा बनी हुई है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know