बलरामपुर- जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़े वर्ग के युवक एवं युवतियों के लिए संचालित नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
 इस योजना के तहत जनपद बलरामपुर में चयनित संस्था इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल एंड टेक्नोलॉजी बलरामपुर (IPT) के माध्यम से प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा।
यह योजना पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य पिछड़े वर्ग के युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र भरने के उपरांत उसकी प्रति एवं आवश्यक अभिलेख कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, बलरामपुर में जमा किए जा सकते हैं।
प्रशिक्षण हेतु पात्रता की शर्तें इस प्रकार हैं—
अभ्यर्थी पिछड़ी जाति का होना चाहिए। ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी के माता-पिता/अभिभावक की वार्षिक आय ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्र में ₹1 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी बेरोजगार हो तथा किसी अन्य संस्था से अनुदान प्राप्त प्रशिक्षण न ले रहा हो।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के पात्र युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय से आवेदन करें और अपने भविष्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएं।
              
              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने