जावेद अशरफ ने कहा—महागठबंधन में प्रतिनिधित्व और सामाजिक भागीदारी के आधार पर हो सीटों का समायोजन
बलरामपुर। गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र (292) में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता जावेद अशरफ खान ने इंडिया गठबंधन (PDA) नेतृत्व से गैंसड़ी विधानसभा सीट पर उम्मीदवार चयन को लेकर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि गठबंधन में सभी दलों और सामाजिक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सीटों के समायोजन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
जावेद अशरफ खान ने कहा कि वर्ष 2024 के उपचुनाव में वर्तमान विधायक को उम्मीदवार बनाया जाना एक भावनात्मक और परिस्थितिजन्य फैसला था, जिसे क्षेत्र की जनता ने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया और भरपूर समर्थन भी दिया। लेकिन अब बदलते राजनीतिक परिदृश्य में गठबंधन नेतृत्व को नए विकल्पों और व्यापक सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 तथा गैंसड़ी विधानसभा उपचुनाव दोनों में समाजवादी पार्टी गठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में रही। ऐसे में राजनीतिक संतुलन और सहयोगी दलों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए इस बार गैंसड़ी सीट कांग्रेस के खाते में दी जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से पिछले कई दशकों से एक ही राजनीतिक परिवार का प्रभाव इस क्षेत्र में बना हुआ है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए नए चेहरों, नई सोच और विभिन्न सामाजिक वर्गों को भी अवसर मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, "उम्मीदवार कोई भी हो, लेकिन प्रदेश स्तर पर महागठबंधन नेतृत्व को ऐसे निर्णय लेने चाहिए जिनसे सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। PDA की अवधारणा केवल चुनावी गठबंधन नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और राजनीतिक साझेदारी का भी संदेश देती है।"
जावेद अशरफ खान ने विश्वास जताया कि यदि गठबंधन सामाजिक संतुलन और व्यापक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देता है तो इसका सकारात्मक संदेश जनता तक पहुंचेगा और विपक्ष की राजनीतिक स्थिति और मजबूत होगी।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा और वर्तमान भाजपा विधायक को जनता के बीच अपने प्रदर्शन का जवाब देना होगा।
उमेश चन्द्र तिवारी
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़
बलरामपुर
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know