मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेंगलुरु में ‘निवेशक संवाद’ का सफल आयोजन

ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टर, टेक्नोलॉजी, इंश्योरेंस, रियल एस्टेट, स्टार्ट-अप और मानव संसाधन क्षेत्र से जुड़े उद्योग जगत के दिग्गज सम्मिलित हुए

निवेशकों ने उ0प्र0 को टेक्नोलॉजी, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, स्टार्ट-अप और रोजगार सृजन के लिए देश के सबसे आकर्षक गंतव्यों में से एक बताया

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, मजबूत कानून-व्यवस्था, निवेशक के अनुकूल नीतियों और तेज़ी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी ने उ0प्र0 को नई अर्थव्यवस्था, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टरों और वैश्विक निवेश का उभरता केन्द्र बनाया


लखनऊ : 24 जून, 2026


मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में आज बेंगलुरु, कर्नाटक में आयोजित ‘निवेशक संवाद’ के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में उपलब्ध अवसरों, निवेश माहौल और भविष्य की सम्भावनाओं पर अपने विचार साझा किए। निवेशकों ने राज्य को टेक्नोलॉजी, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, स्टार्ट-अप और रोजगार सृजन के लिए देश के सबसे आकर्षक गंतव्यों में से एक बताया।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, मजबूत कानून-व्यवस्था, निवेशक के अनुकूल नीतियों और तेज़ी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी ने उत्तर प्रदेश को नई अर्थव्यवस्था, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टरों और वैश्विक निवेश का उभरता केन्द्र बना दिया है।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टर (जी0सी0सी0), टेक्नोलॉजी, इंश्योरेंस, रियल एस्टेट, स्टार्ट-अप और मानव संसाधन क्षेत्र से जुड़े उद्योग जगत के दिग्गजों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन का सबसे सम्भावनाशील गंतव्य बताया।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टर (जी0सी0सी0) उद्योग विशेषज्ञ और ए0आई0 रणनीतिकार श्री अनिल पद्मनाभन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मजबूत शासन व्यवस्था, बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश समर्थक वातावरण इसे जी0सी0सी0 क्षेत्र के लिए आदर्श गंतव्य बनाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की सक्रिय कार्यशैली और उद्योग जगत के साथ निरन्तर संवाद राज्य को नई पहचान दे रहा है। उनके अनुसार भारत में जी0सी0सी0 स्थापित करने की योजना बनाने वाली कम्पनियों के लिए उत्तर प्रदेश का मूल्यांकन करना अनिवार्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह अपने वैश्विक ग्राहकों को उत्तर प्रदेश में निवेश और जी0सी0सी0 स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
सत्व ग्रुप के डायरेक्टर कॉरपोरेट अफेयर्स श्री पी0के0 मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश के लिए देश के सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने विशेष रूप से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ और जेवर अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में देश के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक और औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में उभरेगा। उनके अनुसार नियामकीय पारदर्शिता, प्रशासनिक दक्षता और बेहतर कार्य संस्कृति ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।
वैश्विक इंश्योरेंस ब्रोकिंग कम्पनी एऑन (ए0ओ0एन0) की निदेशक श्री शेरिन जॉन ने कहा कि उनकी कम्पनी नोएडा स्थित अपने कार्यालय का विस्तार कर रही है और 600 से 1,000 अतिरिक्त कर्मचारियों को जोड़ने की योजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों, बाजारों और इन्फ्रास्ट्रक्चर तक आसान पहुँच उत्तर प्रदेश को कॉरपोरेट विस्तार के लिए आदर्श स्थान बनाती है। एऑन की विस्तार योजना यह संकेत देती है कि राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार अवसरों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड की प्रबन्ध निदेशक सुश्री अपर्णा मित्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उपलब्ध विशाल प्रतिभा, तेजी से विकसित हो रहा इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश के बढ़ते अवसर इसे नई अर्थव्यवस्था का प्रमुख केन्द्र बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश करने के लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता।
आविष्कार समूह और इण्टेलीकैप की प्रतिनिधि सुश्री सायना देनुगरा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में निवेशकों और उद्यमियों के लिए अत्यन्त अनुकूल वातावरण तैयार किया है। राज्य में नए व्यवसायों को बढ़ावा देने, विकासात्मक पूँजी को आकर्षित करने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्थाएं कृषि, खाद्य प्रणाली और ऊर्जा परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ सहित राज्य के कई शहर भविष्य में टेक्नोलॉजी और नवाचार आधारित स्टार्ट-अप ईको-सिस्टम के प्रमुख केन्द्र बनेंगे। उनके अनुसार देश के पारम्परिक कारोबारी केन्द्रों पर बढ़ते दबाव के बीच उत्तर प्रदेश नई प्रतिभा, नई पूँजी और नए उद्यमों के लिए सबसे मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है।
टी0ई0 कनेक्टिविटी की प्रतिनिधि सुश्री सुनीता ने भी उत्तर प्रदेश में उभरती निवेश सम्भावनाओं पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कम्पनी वैश्विक स्तर पर कनेक्टिविटी उत्पादों, डेटा विश्लेषण, ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए कनेक्टर्स और सेंसर के विकास में कार्यरत है तथा बेंगलुरु स्थित उसके ग्लोबल कैपेबिलिटी सेण्टर में करीब 1,400 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उनके अनुसार निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश वर्तमान समय में एक शानदार अवसर प्रदान करता है और राज्य के विकास की गति भविष्य के निवेश के लिए सकारात्मक संकेत देती है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने