मुख्यमंत्री ने जनपद हाथरस में विधानसभा क्षेत्र सिकन्दरा राऊ एवं सादाबाद की
548 करोड़ रु0 लागत की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार प्रदेश में प्रत्येक तबके
के जीवन में परिवर्तन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही : मुख्यमंत्री

प्रदेश सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानती, सभी
जरूरतमन्दों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा
 
उ0प्र0 भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन
के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा

जनपद हाथरस हींग, घी, मक्खन, गुड़ के लिए जाना जाता

हाथरस विकास की प्रक्रिया से जुड़ रहा, मथुरा-बरेली फोर
लेन से जुडे़ इस औद्योगिक क्षेत्र में तेजी के साथ उद्यम लग रहे

यहां विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र के माध्यम से अनेक
युवाओं को नौकरी व रोजगार की सुविधा प्राप्त होगी

जब यहां प्रोसेसिंग सेंटर लगेंगे, तो आलू उत्पादित करने वाले किसानों की
आमदनी कई गुना बढ़ेगी, कोल्ड स्टोरेज की समस्या का समाधान होगा,
मथुरा के कोसीकलां में ऐसा ही प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करवाया गया

यहां के जनप्रनिधियों ने यहां की सड़कों, पुलों तथा फ्लाई ओवर के लिए अपने
प्रस्ताव दिए, इन कार्यों के लिए बहुत शीघ्र धनराशि अवमुक्त की जाएगी

यहां विकास परियोजनाओं, मेडिकल कॉलेज, सिकन्दरा राऊ के बस स्टैण्ड
के लिए धनराशि स्वीकृति तथा भूमि आवंटन की प्रक्रियाएं आगे बढ़ रहीं
 
अन्नदाता किसानों को सही समय पर अच्छा बीज उपलब्ध कराने के
लिए आगरा में अन्तरराष्ट्रीय पोटैटो सेन्टर का क्षेत्रीय केन्द्र स्वीकृत

वाराणसी में स्थापित इन्टरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट के
क्षेत्रीय केन्द्र में धान के अच्छी वैरायटी के बीज उत्पन्न होंगे

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व राम भक्तों के परिश्रम व पुरुषार्थ से अयोध्या नगरी त्रेता
युग का स्मरण करा रही, हाथरस में 22 से ज्यादा मन्दिरों का सुंदरीकरण हुआ

मुख्यमंत्री ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर जनपद हाथरस में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण का आह्वान किया
लखनऊ : 28 जून, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार प्रदेश में प्रत्येक तबके के जीवन में परिवर्तन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानती है। सभी जरूरतमन्दों को बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रत्येक गरीब को निःशुल्क राशन, आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, रसोई गैस कनेक्शन सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद हाथरस में विधानसभा क्षेत्र सिकन्दरा राऊ एवं सादाबाद की 548 करोड़ रुपये लागत की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम मे अपने विचार व्यक्त रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, चाभी तथा स्मार्ट फोन आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अन्तर्गत हरिशंकरी पौधरोपण तथा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री जी ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर जनपद हाथरस में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ब्रज की देहरी के रूप में विख्यात बलदाऊ की पावन धरा जनपद हाथरस अपने पराक्रम के लिए जाना जाता है। यहां की जनता ने देश की आजादी की लड़ायी में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। यह भूमि काका हाथरसी के हास्य-व्यंग्य के लिए भी विख्यात है। सुरक्षा के बेहतर वातावरण में ही विकास की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा किया जा सकता है। प्रदेश सरकार सुदृढ़ कानून व्यवस्था के माध्यम से प्रत्येक बेटी व व्यापारी को सुरक्षा प्रदान कर रही है। प्रदेश में पर्व और त्योहार शान्तिपूर्वक सम्पन्न हो रहे हैं। वर्ष 2017 से पूर्व, उत्तर प्रदेश दंगों तथा अराजकता के लिए जाना जाता था। पर्व और त्योहारों पर कर्फ्यू लग जाते थे। बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज हाथरस जनपद हींग, घी, मक्खन, गुड़ के लिए जाना जाता है। अन्नदाता किसानों को वैल्यु एडिशन से जोड़ा जा रहा है। अब हाथरस विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। मथुरा-बरेली फोर लेन से जुड़ा हाथरस का यह औद्योगिक क्षेत्र है। यहां तेजी के साथ उद्यम लग रहे हैं। परिणामस्वरूप रोजगार की नई सम्भावनाएं आगे बढ़ रही हैं। जब यहां प्रोसेसिंग सेंटर लगेंगे, तो आलू उत्पादित करने वाले किसानों की आमदनी कई गुना बढ़ेगी। कोल्ड स्टोरेज की समस्या का समाधान होगा। उद्यमी किसानों के खेत से आलू खरीदेंगे, जिससे किसानों का कोल्ड स्टोरेज पर खर्च होने वाला धन बचेगा। मथुरा के कोसीकलां में ऐसा ही प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करवाया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हाथरस के उद्यमियों ने अलग-अलग क्षेत्रां में अच्छा काम किया है। विधायक श्रीमती अंजुला माहौर, श्री वीरेन्द्र सिंह राणा, श्री प्रदीप कुमार सिंह ने यहां की सड़कों, पुलों तथा फ्लाई ओवर के लिए अपने प्रस्ताव दिए हैं। इन कार्यों के लिए बहुत शीघ्र धनराशि अवमुक्त की जाएगी। यहां विकास परियोजनाओं, मेडिकल कॉलेज तथा सिकन्दरा राऊ के बस स्टैण्ड के लिए धनराशि स्वीकृति तथा भूमि आवंटन की प्रक्रियाएं चल रही हैं। यहां विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र के माध्यम से अनेक युवाओं को नौकरी व रोजगार की सुविधा प्राप्त होगी। इन कार्यों से हाथरस, कासगंज तथा एटा आदि जनपदों के लोग लाभान्वित होंगे। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के नाम पर बन रहे एम्प्लॉयमेन्ट एण्ड इण्डस्ट्रियल जोन के माध्यम से युवाओं की स्किलिंग कर उन्हें नौकरी व रोजगार से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्नदाता किसानों की लागत कम करने के लिए अच्छा बीज पहली प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार ने अन्नदाता किसानों को सही समय पर अच्छा बीज उपलब्ध कराने के लिए आगरा में अन्तरराष्ट्रीय पोटैटो सेन्टर का क्षेत्रीय केन्द्र स्वीकृत किया है। वाराणसी में स्थापित इन्टरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट के क्षेत्रीय केन्द्र में धान के अच्छी वैरायटी के बीज उत्पन्न होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब अच्छी सरकारें आती हैं, तब राज्य का विकास तथा गरीबों का कल्याण होता है। युवाओं को रोजगार मिलता है। महिलाओं के स्वावलम्बन के लिए कदम उठाए जाते हैं। व्यापारियों को सुरक्षा दी जाती है। अन्नदाता किसानों के जीवन में परिवर्तन व खुशहाली लाने के लिए प्रभावी कदम उठाये जाते हैं। डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश में यही कदम उठा रही है।
आज प्रदेश का युवा जब राज्य के बाहर जाता है, तो वहां के लोग उसके स्वागत के लिए उत्सुक दिखायी देते हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व तथा राम भक्तों के परिश्रम व पुरुषार्थ से अयोध्या नगरी त्रेता युग का स्मरण करा रही है। हाथरस में 22 से ज्यादा मन्दिरों का सुंदरीकरण हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए। प्रदेश सरकार अयोध्या, मथुरा व काशी के उत्थान तथा उनकी पौराणिक पहचान बनाए रखने के लिए अनेक कदम उठा रही है। श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के 75 जनपदों की सभी 350 तहसीलों और 25 करोड़ की आबादी का विकास ही हमारे लिए उत्तर प्रदेश का विकास है। हम विकास को फिरको में नहीं बांटते। प्रदेश सरकार ने तुष्टीकरण की नीति पूरी तरह खारिज कर दी है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मंत्र ‘सबका साथ सबका विकास’ पर चलकर प्रत्येक गांव, गरीब, किसान, युवा तथ महिला के विकास के भाव से कार्य कर रही है। अन्तिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति के संतुष्टिरण को पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी ने अन्त्योदय कहा था। अन्त्योदय का लक्ष्य प्राप्त करना डबल इंजन सरकार का ध्येय है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से युवाओं को 05 लाख रुपये तक का गारन्टी तथा ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से अनेक युवा उद्यमी प्रदेश के विकास में सहभागी बन रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद श्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक श्रीमती अंजुला माहौर, श्री वीरेन्द्र सिंह राणा, श्री प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने