*बंगनपल्ली से अल्फांजो तक, दशहरी से चौसा तक — आम की खुशबू से महकेगा लखनऊ*


लखनऊ: लखनऊ की तहज़ीब, स्वाद और गर्मियों की सबसे प्यारी पहचान — आम — अब एक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में फन रिपब्लिक मॉल में मनाया जा रहा है। 29 मई से 31 मई तक आयोजित होने वाला मैंगो फेस्टिवल सिर्फ आमों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं, स्वाद और पारिवारिक खुशियों का उत्सव बनेगा। इस उत्सव का शुभारंभ प्रसिद्ध शेफ शेफ नंदिनी मोतियानी द्वारा किया गया।


तीन दिनों तक चलने वाले इस खास उत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लगभग 30 प्रकार के आम आकर्षण का केंद्र  बने हैं। बंगनपल्ली, अल्फांजो, तोतापुरी, सिंधुरा, मल्लिका, राम केला, लंगड़ा, चौसा, सफेदा, केसर और दशहरी जैसी पारंपरिक किस्में न केवल लोगों को अपने स्वाद से जोड़ेंगी, बल्कि भारतीय कृषि और क्षेत्रीय विविधता की झलक भी प्रस्तुत करेंगी। आगंतुक इन आमों को करीब से देख सकेंगे और खरीद भी सकेंगे।


फेस्टिवल को पारिवारिक और सांस्कृतिक धारा में पिरोते हुए

30 मई को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जहाँ नन्हे प्रतिभागी रंग-बिरंगे परिधानों में अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं 31 मई को महिलाओं के लिए कोल्ड कुकिंग प्रतियोगिता होगी, जिसमें आम से बने पारंपरिक और रचनात्मक व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारतीय रसोई, पारिवारिक परंपराओं और रचनात्मकता का उत्सव मनाया जाएगा।


इस अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर विकल्प सक्सेना ने कहा कि,

“आम सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि भारतीय गर्मियों की संस्कृति और यादों का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि लखनऊवासियों को एक ऐसा अनुभव मिले जहाँ स्वाद, परंपरा और मनोरंजन एक साथ महसूस हो। देशभर से लाई गई अलग-अलग किस्मों के आम इस उत्सव को खास बनाएंगे और लोगों को भारतीय फलों की समृद्ध विरासत से जोड़ेंगे।” 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने