बलरामपुर- जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा तहसील सदर में राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों के साथ बैठक की गई। बैठक में त्रुटिहीन रियल टाइम खतौनी, शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री तथा आगामी जनगणना कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिहीन रियल टाइम खतौनी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, इसलिए सभी राजस्व कर्मी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि धारा-34 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को दर्ज करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्व में पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि मृतक व्यक्तियों एवं जीरो गाटा वाले खातेदारों के नामों का नियमानुसार विलोपन कराया जाए, जिससे अभिलेख अद्यतन एवं त्रुटिरहित बने रहें। इस दौरान जिलाधिकारी ने धारा-34 के अंतर्गत की जा रही कार्यवाहियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि पात्र किसानों का पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। इसके अतिरिक्त आगामी जनगणना कार्यों को लेकर भी बेहतर ढंग से कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत गुप्ता सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know