बलरामपुर- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा शुक्रवार को एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना, प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार एवं भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह “धीरू” ने कहा कि प्रदेश में दलित, महिला एवं कमजोर वर्ग सुरक्षित नहीं हैं। महोबा की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का कार्य कर रही है।
एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से देश के युवा छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बढ़ती बेरोजगारी से युवा वर्ग हताश और परेशान है।
पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विधायक, सांसद और मंत्री देखते ही देखते करोड़पति बन गए हैं। सबसे पहले भाजपा नेताओं की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि सत्ता में आने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति क्या थी और वर्तमान में वे कितनी संपत्ति के मालिक हैं।
पीसीसी सदस्य डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश और देश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि देश का बेरोजगार युवा आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लगातार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्रियों एवं विधायकों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं, इसलिए उनकी संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
उक्त अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र मिश्रा, अवधेश पाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सियाराम प्रधान, विजय उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know