मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा की

पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को सुदृढ़ किया जाए,
प्रत्येक चयन आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता,
निष्पक्षता और शुचिता के साथ सुनिश्चित किया जाए : मुख्यमंत्री

भर्ती एवं पदोन्नति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी हों
और अभ्यर्थियों की सुविधा तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए

प्रदेश पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित

वर्ष 2017 से मई, 2026 तक उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा विभिन्न
संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, इसी अवधि
में 1,60,819 पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई


लखनऊ : 29 मई, 2026

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और सुदृढ़ किया जाए। प्रत्येक चयन आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक सक्षम, आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में यह वर्ष महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भर्ती एवं पदोन्नति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी हों और अभ्यर्थियों की सुविधा तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने भर्ती बोर्ड की विश्वसनीय कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए नियमित मॉनीटरिंग और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में भर्ती बोर्ड के माध्यम से कुल 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है। इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 4,543, होमगार्ड्स के 41,424, आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679, कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,352, उप निरीक्षक (गोपनीय) एवं पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक एवं लेखा) के 537, प्रोग्रामर ग्रेड-2 के 55, रेडियो सहायक परिचालक के 44, कुशल खिलाड़ी भर्ती के 637 तथा मृतक आश्रित भर्ती के 201 पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी को विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति के बारे में अवगत कराया गया कि उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के लिए डी0वी0/पी0एस0टी0 जून में तथा अंतिम परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। होमगार्ड्स नामांकन-2025 के अंतर्गत डी0वी0/पी0एस0टी0 जुलाई में, पी0ई0टी0 अगस्त में तथा अंतिम परिणाम सितम्बर के दूसरे सप्ताह में जारी किए जाने की योजना है। आरक्षी एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा 08, 09 और 10 जून, 2026 को प्रस्तावित है, लगभग 28 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसका अंतिम चयन परिणाम अक्टूबर, 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य है।
कुशल खिलाड़ी भर्ती के अंतर्गत सभी 25 खेल विधाओं में परीक्षण सम्पन्न हो चुका है और अंतिम परिणाम जून, 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। अन्य तकनीकी एवं लिपिकीय संवर्गों की भर्तियों के लिए भी चरणबद्ध कार्यवाही जारी है। मुख्यमंत्री जी ने मृतक आश्रित भर्ती के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों को सरल बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में कुल 9,406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया संचालित है। सम्बन्धित विभागीय परीक्षाएं और मूल्यांकन प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं तथा चरणबद्ध रूप से परिणाम जारी किए जाएंगे। समीक्षा में यह भी अवगत कराया गया कि वर्ष 2017 से मई, 2026 तक भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण पुलिस बलों में से एक है। भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाकर पुलिस बल को और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं, ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिले और प्रदेश की कानून-व्यवस्था निरन्तर सुदृढ़ हो।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने