अथर्व को 1,50,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप
लखनऊ, 30 मई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस के छात्र अथर्व प्रताप सिंह को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की प्रतिष्ठित ड्रेक्सल यूनिवर्सिटी द्वारा 1,50,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के एक और छात्र ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं ज्ञान-विज्ञान के दम पर विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। अथर्व को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि अथर्व ने अपनी सफलता का सम्पूर्ण श्रेय सी.एम.एस. के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। खास बात यह है कि अथर्व को अमेरिका के कई अन्य प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा भी स्कॉलरशिप के साथ उच्चशिक्षा हेतु आमन्त्रित किया गया है, जिनमें रोचेस्टर इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा, मिसौरी यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी, यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो बोल्डर, जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया, यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा एवं पेन स्टेट यूनिवर्सिटी शामिल है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की है।
श्री खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 100 से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है। श्री खन्ना ने आगे बताया कि सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know