बलरामपुर- सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ के मद्देनजर जनपद स्तरीय बाढ़ स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें जनपद के माननीय जनप्रतिनिधिगण व बाढ़ से सम्बन्धित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बाढ़ से बचाव के लिए की जा रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई तथा सभी संबन्धित विभागीय अधिकारियों को उनके विभाग से सम्बन्धित तैयारियों को बाढ़ से पहले पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ खण्ड द्वारा कराए जा रहे कटानरोधी परियोजनाओं का कार्य प्रत्येक दशा में 20 मई तक पूर्ण कर लिया जाए। अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में बाढ़ खण्ड द्वारा राप्ती नदी पर 06 कटानरोधी परियोजनाओं का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बाढ़ खण्ड द्वारा कराए जा रहे कटानरोधी कार्यों का भौतिक निरीक्षण कर लें। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित कराया जाए कि कटानरोधी कार्य गुणवत्तापूर्ण हों। इसके अलावा कटान एवं बाढ़ के दृष्टिगत संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन बाढ़ से पूर्व करते हुए वहां पर आवश्यक कार्यवाही ससमय पूर्ण कराई जाए।
उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर बाढ़ सम्बन्धी बैठकें आयोजित कर अपने स्तर पर तैयारियों की समीक्षा कर लें तथा राजस्व, बाढ़ खण्ड और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अपने-अपने तहसील क्षेत्र के बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण करा लें ताकि बाढ़ से पूर्व कहां पर क्या करने की आवश्यकता है, इसके बारे में जानकारी हो सके और समय रहते तैयारी पूर्ण कराई जा सके। अधिशाषी अभियन्ता बाढ़ खण्ड को निर्देश दिए कि वे बाढ़ क्षेत्रों की सूची उनके बाढ़ खण्ड के अनुसार तैयार करा लें जिससे बाढ़ के दौरान राहत कार्य पहुंचाने में दिक्तत न हो। निर्देश दिए कि बाढ़ खण्ड के अधिकारी ऐसे नालों का सर्वे करा लें जो कि जनपद में बाढ़ के कारक हैं।
बाढ़ चाौकियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ चैकियों को ऊंचे व सुरक्षित स्थानों पर स्थापित किया जाय जिससे आवागमन सुगम हो और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल हो सके। बाढ़ के दौरान पीड़ितों को प्रदान की जाने वाली किट व अन्य सुविधाओं के लिए समय से टेण्डर आदि कराकर गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि वे नालों का सत्यापन करा लें तथा यह सुनिश्चित करें कि बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में सफाईकर्मियों की तैनाती अनिवार्य रूप से हो। पीड़ितों एवं राहत कैम्पों में शुद्व पेयजल मुहैया कराने के लिए उच्च स्थानों का चिन्हांकन कर नलों को उच्चीकृत कराने के निर्देश डीपीआरओ को दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे बाढ़ से पहले बाढ़ से प्रभावित होने वाले समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, पीएचसी पर सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं तथा वहां पर तैनात होेने वाली मेडिकल टीम के अलावा वहां के लेखपालों एवं पंचायत सचिवों को आवश्यक दवाओं के बारे मे जानकारी देने के साथ ही उन्हें कुछ दवाइयां उपलब्ध करा देगंें ताकि जरूरत पड़ने पर लेखपाल और सचिव सामान्य दवाइयां बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचा सकें। सर्पदंश व रैबीज से बचाव के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में एन्टी स्नैक वेनम और एन्टी रैबीज इंजेक्शन की उपल्बधता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे बाढ़ क्षेत्रों के पशुओं का सर्वे कराकर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण करा दें और बाढ़ से पहले भूसे का स्टॅाक सुरक्षित कर लें जिससे बाढ़ के दौरान मवेशियों को चारे की दिक्कत न हो। इसके अलावा बाढ़ के दौरान मवेशियों को उच्च एवं सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए स्थल का चयन कर लें। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बाढ़ प्रभावितों को दी जाने वाली सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे टूटी हुई सड़कों एवं डिप्स का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत बाढ़ से पहले करा लंे जिससे बाढ़ के दौरान आवागमन की दिक्कत न होने पावे।
बैठक में विधायक तुलसीपुर कैलाशनाथ शुक्ल, विधायक गैसड़ी राकेश यादव, अपर जिलाधिकारी सुश्री ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, एसडीएम सदर हेमन्त गुप्ता, एसडीएम उतरौला अभय सिंह, अधिशाषी अभियन्ता बाढ़ खण्ड भरत राम, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, अधिशाषी अभियन्ता जल निगम, सांसद प्रतिनिधि बलरामपुर, विधायक प्रतिनिधि सदर व उतरौला सहित स्वास्थ्य, सिंचाई, अग्नि शमन, विद्युत चिकित्सा विभाग के अधिकारी तथा जिला आपदा विशेषज्ञ अरूण सिंह सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know