अंबेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर क्षेत्र में एक छात्र का बैंक खाता अचानक फ्रीज कर दिए जाने से उसकी पढ़ाई पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खाते में आने वाली करीब ₹30 हजार की छात्रवृत्ति धनराशि अटक गई है, जिससे छात्र को फीस जमा करने और पढ़ाई जारी रखने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित छात्र ने मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।


जानकारी के अनुसार ग्राम अहेथिया किशुनीपुर निवासी प्रखर श्रीवास्तव, पुत्र अशोक कुमार श्रीवास्तव, वर्तमान में बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उनका बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा अकबरपुर (ओवरब्रिज के पास) में संचालित है। छात्र के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को अचानक उनके मोबाइल पर संदेश आया कि उनका बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है। इसके बाद से खाते से जुड़े सभी लेन-देन पूरी तरह बंद हो गए।

खाता फ्रीज होने के कारण छात्र ऑनलाइन भुगतान, यूपीआई, फोनपे, गूगल पे और एटीएम से निकासी जैसी सभी बैंकिंग सेवाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसी खाते में लगभग ₹30 हजार की छात्रवृत्ति राशि आने वाली है, जबकि खाते में पहले से मौजूद करीब ₹7600 की राशि भी वह निकाल नहीं पा रहे हैं


पीड़ित छात्र का आरोप है कि वह कई बार बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा अकबरपुर में जाकर शिकायत कर चुका है, लेकिन बैंक कर्मचारियों द्वारा कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया और न ही समस्या का समाधान किया गया। उल्टा उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर किया जा रहा है।

छात्र का कहना है कि खाते के फ्रीज होने से फीस जमा करने में देरी हो रही है और पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे वह मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रहा है।

पीड़ित छात्र ने जिलाधिकारी अंबेडकरनगर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल बैंक खाता अनफ्रीज कराने, छात्रवृत्ति की धनराशि उपलब्ध कराने तथा लापरवाही बरतने वाले बैंक कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए छात्र को राहत दिलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने