बलरामपुर- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बी.ए.वी. इंटर कॉलेज भगवतीगंज, बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज, महारानी देवेन्द्र कुंवरि गर्ल्स इंटर कॉलेज, एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज तथा एम.पी.पी. कॉलेज परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।
उन्होंने अभ्यर्थियों की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा की सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम निगरानी तथा पुलिस गश्त की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योतिश्री सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know