बलरामपुर- चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास ने मा० पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर तथा संपूर्ण मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने हरैया चौराहे से मंदिर परिसर तक पैदल भ्रमण करते हुए मार्ग में की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने, मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान, पेयजल की समुचित उपलब्धता तथा शौचालयों की स्वच्छता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने मार्गों पर भीड़ प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा आवश्यक स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र एवं मंदिर परिसर में पुलिस बल द्वारा भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know