मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में ‘भक्त प्रह्लाद जी की शोभायात्रा’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री ने भक्त प्रहलाद के चित्र की आरती उतारी तथा जनसमूह पर पुष्पवर्षा करते हुए फूलों से होली खेली

उ0प्र0 में आज सबको सुरक्षा का एहसास और सबके मन में एक विश्वास तथा एक दूसरे के प्रति सम्मान का भाव, यही
एहसास और विश्वास रामराज्य की अवधारणा: मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व में देश बुलंदी की नई ऊंचाईयां छू रहा, हमें नए भारत के दर्शन हो रहे

नया भारत प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक तबके को अवसर उपलब्ध कराकर उत्सव का वातावरण दे रहा

उ0प्र0 अपने नागरिकों को सुरक्षा और सुविधा देकर, ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका

जब ‘अव्यवस्था से व्यवस्था’, ‘अराजकता से अनुशासन’, ‘अधर्म से धर्म’ और ‘असत्य से सत्य’ की यात्रा होती, तभी हम उपद्रव से उबरकर उत्सव की यात्रा का हिस्सा बनते

गोरखपुर का विरासत गलियारा प्रदेश का सबसे खूबसूरत गलियारा होगा, प्रभावित व्यापारियों को घण्टाघर के बंधु सिंह पार्क में कुछ दुकानें दी जा रही

 जो दुकानदार शेष रह जाएंगे, उनके लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा

होली समरसता का पर्व, कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए, जिससे समाज में कोई टकराहट पैदा हो

मुख्यमंत्री ने होलिका दहन पर अहंकार, बुराइयों और नकारात्मकता का दहन करने का आह्वान किया


गोरखपुर:ः 02 मार्च, 2026:ः मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज सबको सुरक्षा का एहसास है और सबके मन में एक विश्वास है। सबके मन में एक दूसरे के प्रति सम्मान का भाव है। यही एहसास और विश्वास रामराज्य की अवधारणा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि जब ऐसी स्थिति रहेगी, तो भारत को विकसित बनने में कोई देर नहीं लगेगी। आज प्रदेश में कोई तनाव भय, अराजकता और गुंडागर्दी नहीं है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर में ‘श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पाण्डेयहाता’ द्वारा आयोजित ‘भक्त प्रह्लाद जी की शोभायात्रा’ कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री जी ने होलिकादहन- भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर अवस्थित भक्त प्रहलाद के चित्र की आरती उतारी तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने जनसमूह पर पुष्पवर्षा करते हुए फूलों से होली खेली। कार्यक्रम में सांसद श्री रवि किशन शुक्ल ने होली गीत प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री जी ने सभी लोगों को होली की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में उपद्रव, अराजकता और अव्यवस्था का माहौल है। लेकिन हम भारतवासी गर्व कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व में देश बुलंदी की नई ऊंचाईयां छू रहा है और हमें नए भारत के दर्शन हो रहे हैं। नया भारत प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक तबके को अवसर उपलब्ध कराकर उत्सव का वातावरण दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारे यहां पर्व एवं त्योहारों की लंबी श्रृंखला है। वर्ष 2014 के पहले लोग बेहतर तरीके से उत्सव नहीं मना पाते थे। उत्तर प्रदेश में पर्व एवं त्योहारों के पहले कफ्र्यू लग जाते थे। समाज में भय और तनाव रहता था। उस समय की सरकारें समाज को बांटती थीं और इसका परिणाम व्यापारी और नागरिक चुकाते थे। गुंडागर्दी और अराजकता चरम पर थी। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश अपने नागरिकों को सुरक्षा और सुविधा देकर, ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है। अब यू0पी0 में न कफ्र्यू है और न दंगा है, यू0पी0 में अब सब चंगा है। सब ओर उत्सव का माहौल है। विगत 15 दिनों से मथुरा-वृंदावन में होली का कार्यक्रम चल रहा है। सबकुछ स्वतःस्फूर्त भाव से हो रहा है। यह देखकर विदेशी आश्चर्यचकित हैं। कुछ लोग हमपर आरोप लगाते थे कि हम बंटे हुए हैं, ऐसे लोगों को यह बताना चाहिए कि हम कहां बंटे दिख रहे हैं। होली उत्सव में बड़ी संख्या में लोग आए हैं। हमें किसी की जाति का पता नहीं है, लेकिन सभी लोग होली का आनंद ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब ‘अव्यवस्था से व्यवस्था’, ‘अराजकता से अनुशासन’, ‘अधर्म से धर्म’ और ‘असत्य से सत्य’ की यात्रा होती है, तभी हम उपद्रव से उबरकर उत्सव की यात्रा का हिस्सा बनते हैं। यही उत्सव आज गोरखपुर के विरासत गलियारे में देखने को मिल रहा है। पहले पाण्डेयहाता आने के लिए संकरी गली थी। वाहन मुश्किल से आ पाते थे। व्यापार अस्त-व्यस्त था। ग्राहक नहीं आ पाते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर का विरासत गलियारा पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के व्यापारियों और नागरिकों के लिए व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था। सुविधा न देने, कंजेशन और जाम के कारण यहां का कारोबार उजड़ने लगा था। अब यह विरासत गलियारा प्रदेश का सबसे खूबसूरत गलियारा होगा। विरासत गलियारा बनने से प्रभावित व्यापारियों को घण्टाघर के बंधु सिंह पार्क में कुछ दुकानें दी जा रही हैं। इसके बाद जो दुकानदार शेष रह जाएंगे उनके लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसके लिए जगह चिन्हित करने के साथ ही, धनराशि भी आवंटित कर दी गयी है। अब विरासत गलियारा नव विकास से एक बार फिर व्यापार का प्रमुख केंद्र हो जाएगा। सरकार का संकल्प है कि किसी को उजड़ने नहीं देना है, बल्कि अवसर देकर आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सबके जीवन में खुशहाली लाने के लिए डबल इंजन सरकार सुरक्षा और सुविधाएं दे रही है। जब गोरखपुर विकास करेगा, तो प्रदेश और देश का भी विकास होगा। विकास नीचे से ऊपर आता है। विरासत गलियारा के व्यापारियों के मन में पीड़ा थी, लेकिन उन्होंने इसे व्यक्त करने के बजाय शासन व प्रशासन का सहयोग किया। इसी के परिणामस्वरूप आज शानदार विरासत गलियारा बनकर तैयार हो रहा है। यहां की सड़कें पहले से तीन गुना अधिक चैड़ी होंगी। फसाड लाइट लग जाने के बाद यह प्रदेश का सबसे शानदार गलियारा होगा।
मुख्यमंत्री जी ने होलिका दहन के महात्म्य, भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी हिरण्यकश्यप माफिया, आतंकवाद, उग्रवाद के रूप में पनपा रहा होगा। उस समय भगवान विष्णु ने भगवान नरसिंह का अवतार लेकर हिरण्यकश्यप का वध किया और धर्म की स्थापना की थी। हमें याद रखना होगा कि अराजकता, गुंडागर्दी, माफियागिरी भी हिरण्यकश्यप जैसे ही हैं, यह प्यार से नही मानेंगे। अराजकता, गुंडागर्दी, अव्यवस्था जैसे हिरण्यकश्यप, कंस व रावण को मारने के लिए किसी न किसी नरसिंह, श्रीकृष्ण या श्रीराम को अवतरित होना ही पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने रंगोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिका दहन और होली को लेकर कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए जिससे समाज में कोई टकराहट पैदा हो। ऐसा माहौल होना चाहिए कि सब सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि किसी के ऊपर जबरन रंग न डालें। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे दूसरे को नुकसान हो। वैर भाव दूर करें और उत्साह से त्योहार मनाएं। होली समरसता का पर्व है। यह वैर बुलाने और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सामाजिक एकता से ही अखंडता होगी। मुख्यमंत्री जी ने होलिका दहन पर अहंकार, बुराइयों और नकारात्मकता का दहन करने का आह्वान करते हुए अपील की कि अश्लील गाने न बजाएं। अश्लील गाने पतन की ओर ले जाते हैं और पर्व के महत्व को कम करते हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री रवि किशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का दहन कर दिया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। मुख्यमंत्री जी सिंगापुर-जापान दौरे से प्रदेश के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश लेकर आए हैं। इससे प्रदेश को वन ट्रिलियन डाॅलर की अर्थव्यवस्था बनाने का पथ प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर गोरखपुर के महापौर डाॅ0 मंगलेश श्रीवास्तव व अन्य जनप्रतिनिधिगण, श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी व आमजन उपस्थित रहे।
----------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने