मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया

प्रदेश में नवनिर्माण के 09 वर्ष प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में
देश और दुनिया में उ0प्र0 की एक नई छवि को प्रस्तुत करते : मुख्यमंत्री

यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, प्रदेश सरकार बिना भेदभाव
गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को प्रदान कर रही

डबल इंजन सरकार ने आम नागरिक के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया

हमारी सरकार पहली सरकार, जिसने अपना 05 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा विजय प्राप्त की, यह तब हुआ, जब हमनें जमीनी धरातल पर कार्य किया

माफिया और मच्छर के खिलाफ हमारी लड़ाई गोरखपुर से
प्रारम्भ हुई, आज उसकी सुखद अनुभूति पूरा प्रदेश कर रहा

वर्तमान सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से चलने वाली,
पंचर साइकिल इसका मुकाबला नहीं कर पाएगी

डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के अभियान को अनवरत आगे बढ़ा रही

प्रदेश के 1500 मंदिरों को धनराशि देकर सुंदरीकरण कार्य सम्पन्न किया गया

अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव नहीं बल्कि उत्सव


लखनऊ : 25 मार्च, 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नवनिर्माण के 09 वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की एक नई छवि को प्रस्तुत करते हैं। यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है। प्रदेश सरकार बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को प्रदान कर रही है। डबल इंजन सरकार ने आम नागरिक के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उबरकर भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है। आज देश में कुछ भी अच्छा होता है, तो उसमें उत्तर प्रदेश की गिनती होती है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर के योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। ज्ञातव्य है कि ‘उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत् समृद्धि के 09 वर्ष’ विषयक इस कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार के 09 वर्षों के विकासपरक कार्यकाल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार पहली सरकार है, जिसने अपना 05 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा विजय प्राप्त की है। यह तब हुआ, जब हमनें जमीनी धरातल पर कार्य किया। वर्ष 1996 और 1998 से हमनें जनपद गोरखपुर में माफिया, मच्छर, इंसेफेलाइटिस तथा यहां की दुर्व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलन्द की थी। गोरखपुर का यह मॉडल प्रदेश का मॉडल बना। आज हम पूरे प्रदेश में इस मॉडल को अपना रहे हैं। माफिया और मच्छर के खिलाफ हमारी लड़ाई गोरखपुर से प्रारम्भ हुई थी। आज उसकी सुखद अनुभूति पूरा प्रदेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ कहा कि वर्तमान सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से चलने वाली है। पंचर साइकिल इसका मुकाबला नहीं कर पाएगी। आज डबल इंजन की सरकार है। जब हम डबल स्पीड से चलेंगे तो साइकिल का पंचर तो पंचर ही रहेगा। वह हमेशा के लिए धराशायी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को उसके हक के लिए तरसाने वालों को आज प्रदेश की जनता ने ही सत्ता के लिए तरसा दिया है।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले गोरखपुर और उत्तर प्रदेश के नाम पर देश में कोई पूछता नही था। कौन लोग थे जो पहचान का संकट खड़ा कर रहे थे? कौन लोग थे जिन्होंने आपकी पीढ़ी को विकास से वंचित रखा था? कौन लोग थे जिनकी संवेदना इंसेफेलाइटिस से तड़प रहे मासूमों पर नहीं पिघलती थी। उन्होंने कहा कि यह वही राज्य है जहां पहले बिजली नहीं मिलती थी। आज भरपूर बिजली मिल रही है। यहां के लोग आप एम्स के लिए संघर्ष कर रहे थे, आज एम्स बन गया। डबल इंजन सरकार ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में इंसेफेलाइटिस को पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की विरासत की भूमि है। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के अभियान को अनवरत आगे बढ़ा रही है। जिस अयोध्या में जाने पर पुलिस की लाठियां-गोलियां मिलती थीं, सरकार की प्रताड़ना मिलती थी, दुर्व्यवस्था मिलती थी, आज वह अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरियों में से एक नगरी बन गई है। वहां भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है। इस सरकार में मां विंध्यवासिनी मंदिर भी भव्य बन गया है। प्रदेश के 1500 मंदिरों को हमने धनराशि देकर सुंदरीकरण कार्य को सम्पन्न किया है। हमनें एक जगह कुछ न कुछ नया करने का प्रयास किया। जबकि पहले ऐसा नहीं था। पहले मंदिरों को सुविधा नहीं मिलती थी, पैसा कब्रिस्तान को दिया जाता था। हमें मंदिर प्यारे हैं इसलिए हम मंदिर को पैसा दे रहे हैं,। जिसको जो प्यारा होता है, वह वही करता है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश में 09 वर्षों में हुए सकारात्मक बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव नहीं बल्कि उत्सव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी और सावधान रहने को कहा। जिन लोगों ने प्रदेश को तबाह किया था, दंगों की आग में झोंका था, पहचान को मोहताज कर दिया था, उन्हें उनके पाप से मुक्ति न मिले, इसके लिए कोई भी ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे उनको मुद्दा बनाने का अवसर मिल सके। हमें विरोधियों का मोहरा नहीं बनना है। जो लोग मोहरा बनाना चाहते हैं, उनसे आप सावधान रहिएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो लोग गोरखपुर को बिजली, पानी से वंचित करते थे। यहां के बीमारों, बीमार बच्चों को उपचार से वंचित करते थे, प्रदेश की जनता ने उनको सत्ता से तरसा दिया है। ये लोग केवल आप ही के साथ अन्याय नहीं करते थे, पूरे प्रदेश के साथ अन्याय करते थे। शोषण करते थे, गुंडागर्दी करते थे, माफियाओं को प्रश्रय देते थे। माफियाओं के माध्यम से प्रदेश को नोचवाते थे। बहन-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडराते थे। चिकित्सकों, व्यापारियों से फिरौती वसूला जाता था। आज ये कुछ नहीं हो सकता। क्योंकि, सबको मालूम है कि कोई करेगा तो आगे क्या हाल क्या होने जा रहा है, ये भी वह जानता है।
जनपद बहराइच में आपदा प्रभावित परिवारों की पूरी जमीन नदी की धारा में कट गयी थी। वहां जलीय जीव, मगरमच्छ, अजगर, जहरीले सांप, हाथी, तेंदुए, बाघ आदि हिंसक जानवरों के बीच 500 आपदा प्रभावित लोग रहने के लिए मजबूर थे। अब इन सभी लोगों के पुनर्वास के लिए ग्राम सेमरहना में भूमि उपलब्ध करायी गयी है, जो इस ग्राम पंचायत में भरतपुर कॉलोनी के रूप में अलग टोला होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज जनपद कुशीनगर में एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी बन रही है। बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर सुपर स्पेशियलिटी का एक बड़ा केंद्र बना है। गोरखपुर में एम्स भी है। आज हर जनपद में मेडिकल कॉलेज हैं। गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय बन गया है। महाराजा सुहेलदेव के नाम पर आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बन गया है। आज उत्तर प्रदेश के नौजवान के सामने पहचान का संकट नहीं है। उसे हर जगह सम्मान की निगाहों से देखा जाता है।
इस अवसर पर सांसद श्री रवि किशन शुक्ल, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री राजेश त्रिपाठी, श्री श्रीराम चौहान, श्री विपिन सिंह, श्री महेन्द्रपाल सिंह, डॉ0 विमलेश पासवान, इंजी0 सरवन कुमार निषाद तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी उपस्थित थीं।

---------  

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने