जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जनपद की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। बहुजन समाज पार्टी से हाल ही में इस्तीफा देने वाले पूर्व लोकसभा उम्मीदवार (55 लोकसभा क्षेत्र, अंबेडकरनगर) एवं नगर पालिका परिषद जलालपुर के पूर्व चेयरमैन क़मर हयात अंसारी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वह वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ सपा में शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने औपचारिक रूप से सपा का दामन थामा और पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। उनके साथ समर्थकों की भी मौजूदगी रही।
गौरतलब है कि क़मर हयात अंसारी ने हाल ही में बसपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। करीब 30 वर्षों तक बसपा से जुड़े रहे अंसारी ने अपने त्यागपत्र में “अपरिहार्य कारणों” का उल्लेख किया था। उनके इस्तीफे के बाद से ही जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी।
इधर, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव एवं कस्बा निवासी यासिर हयात अंसारी ने कहा कि क़मर हयात अंसारी के सपा में आने से समाजवादी तथा पीडीए परिवार का कुनबा और मजबूत होगा। उनका दावा है कि आगामी चुनाव में अंसारी बहुल क्षेत्रों में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से उम्मीद जताई कि भविष्य में अंसारी समाज के किसी योग्य व्यक्ति को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि क़मर हयात अंसारी की सपा में एंट्री से जिले के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं, विशेषकर अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं पर इसका असर पड़ सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि उनकी नई राजनीतिक पारी सपा में किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Author
![]() |
| Jeevan_Prakash |



समाजवादी पार्टी को ताकत मिलेगी
जवाब देंहटाएंएक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know