बलरामपुर- शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन जनसुनवाई एवं जनता दर्शन का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
प्रशासन की इसी संवेदनशील पहल का सकारात्मक परिणाम तब देखने को मिला, जब तहसील उतरौला के ग्राम चवई बुजुर्ग निवासी बुजुर्ग राम लखन पुत्र चिन्ने की वर्षों पुरानी समस्या का त्वरित निस्तारण किया गया।
दिनांक 16 फरवरी को जनता दर्शन में बुजुर्ग राम लखन ने जिलाधिकारी महोदय के समक्ष अपनी परेशानी रखते हुए बताया कि उनका नाम खतौनी में दर्ज नहीं हो पाया है, जिससे उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। बुजुर्ग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी महोदय ने तत्काल संज्ञान लिया और उपजिलाधिकारी उतरौला को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम उतरौला द्वारा राजस्व टीम के माध्यम से जांच कराई गई, जिसके बाद नियमानुसार प्रार्थी का नाम खतौनी में दर्ज कर दिया गया। समस्या के त्वरित समाधान से बुजुर्ग को बड़ी राहत मिली और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पहल जनपद प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और “समस्या का समयबद्ध समाधान” की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन न केवल शिकायतें सुन रहा है, बल्कि उन्हें मौके पर हल कर आमजन के विश्वास को भी मजबूत कर रहा है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know