आदित्य हत्याकांड में नया मोड़: आरोपी की पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग तेज
महराजगंज
जिले के चर्चित आदित्य हत्याकांड में एक नया और अहम मोड़ सामने आया है। मामले में नामजद आरोपी प्रदीप गुप्ता की पत्नी अंजनी गुप्ता ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा और पक्षपातपूर्ण करार दिया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की है।
अंजनी गुप्ता का कहना है कि घटना के बाद पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ एक युवती के घर तक पहुंची थी और कथित रूप से उसके रिश्तेदारों के घरों पर भी जांच की गई, लेकिन वहां मौजूद लोगों से न तो सख्ती से पूछताछ हुई और न ही किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की गई। इसके विपरीत, उनके पति को जल्दबाजी में गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विवेचना के दौरान कई अहम तथ्यों और संभावित सुरागों को नजरअंदाज किया गया है तथा जांच को जानबूझकर एक ही दिशा में मोड़ दिया गया। अंजनी गुप्ता का दावा है कि उनके पति पूरी तरह निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत इस हत्याकांड में फंसाया गया है।
वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और सभी पहलुओं, साक्ष्यों एवं तकनीकी तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।
इधर, आरोपी पक्ष लगातार स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहा है, जबकि पीड़ित पक्ष पुलिस की कार्रवाई को सही बताते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़ा हुआ है।
अंजनी गुप्ता ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की दोबारा निष्पक्ष जांच, सभी संदिग्ध बिंदुओं की गहन पड़ताल और अपने पति को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
अब इस संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में लगे नए आरोपों के बाद प्रशासन के अगले कदम और विवेचना की दिशा पर पूरे जिले की नजर टिकी हुई है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने