आनंद नगर (महराजगंज)।
आज परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में बी.एड. विभाग द्वारा प्रथम वर्ष के प्रयोगात्मक कार्य म्यूजिक–आर्ट–ड्रामा के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक “महिला शक्ति की प्रशासनिक क्षमता” का आयोजन कॉलेज के सभागार में किया गया।
नाटक के माध्यम से महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और समाज में उनके योगदान को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न ऐतिहासिक व समकालीन महिला विभूतियों के किरदार निभाकर दर्शकों को प्रभावित किया।
आकाश ने भीमराव अंबेडकर की भूमिका में महिलाओं के अधिकारों हेतु किए गए कार्यों को दर्शाया। वहीं सुमन ने जे. जयललिता, खुशी जायसवाल ने मैथिली ठाकुर, प्रियंवदा ने अहिल्याबाई होलकर, साधना जायसवाल ने झांसी की रानी, आलिया खातून ने रजिया सुल्तान, प्रियंका चौरसिया ने निर्मला सीतारमण, मनीष साहनी ने रानी चेन्नम्मा, निष्ठा ने सरोजिनी नायडू, बबीता ने शीला दीक्षित, कुमारी ने मायावती, विजयलक्ष्मी ने रानी दुर्गावती तथा शालू ने मेनिका गांधी के रूप में सशक्त अभिनय किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयोगात्मक आयोजन बी.एड. छात्र-अध्यापकों में रचनात्मकता, संप्रेषण और नेतृत्व जैसे कौशल विकसित करते हैं।
बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. यशवंत सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा नियमित रूप से प्रयोगात्मक कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे प्रशिक्षुओं का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश मौर्य ने कहा कि अभिनय और नाट्य-प्रशिक्षण से भावी शिक्षकों में बहुआयामी दक्षता आती है।
कार्यक्रम का संचालन मुरलीधर जायसवाल ने किया। इस अवसर पर संजय विश्वकर्मा, वंशदीप मौर्य, घनश्याम सिंह, अरुण कुमार सिंह, अश्वनी सिंह, जमुना निषाद, दुर्गेश सिंह सहित अनेक प्रवक्ता व कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know