सी.एम.एस. छात्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं
-- डा. नीरज बोरा, विधानसभा सदस्य
लखनऊ, 23 फरवरी। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस द्वारा आयोजित ‘एनुअल पैरेन्ट्स डे एवं डिवाइन एजुकेशन सेमिनार’ में अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि डा. नीरज बोरा, सदस्य, उ.प्र. विधान सभा, ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को यदि प्रारम्भ से ही नैतिक व आध्यात्मिक शिक्षा प्रदान की जाये तो उनमें स्वतः ही मानवीय गुण उत्पन्न होंगे, बुद्धिमत्ता व ज्ञान की वृद्धि होगी और वे सही और गलत में भेदभाव कर जीवन में सही निर्णय ले सकेंगे। सी.एम.एस. छात्रों की प्रशंसा करते हुए डा. बोरा ने कहा कि सी.एम.एस. छात्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। इससे पहले, मुख्य अतिथि डा. नीरज बोरा सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस में दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत् शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने शिक्षकों व अभिभावकों से अपील की कि छात्रों में वैश्विक दृष्टिकोण का विकास करें, जिससे ये छात्र आगे चलकर विश्व समाज में अपनी रचनात्मक भागीदारी निभा सकें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बच्चों के कोमल हृदयों में शुरू से ही दया, करुणा, भाईचारा, सहिष्णुता, प्रेम, एकता, अहिंसा और शान्ति के विचार डालें। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस अवसर पर कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को शैक्षिक व तकनीकी उत्कृष्टता प्रदान करने के साथ ही उनमें सकारात्मक सोच, तर्कशक्ति एवं कौशल विकास के गुणों के विकास में सतत् प्रयासरत है।
इससे पहले, कार्यक्रम का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना, सर्व-धर्म प्रार्थना एवं विश्व एकता प्रार्थना से हुआ। इसके उपरान्त विद्यालय के छात्रों ने ईश्वरीय एकता व आध्यात्मिक चेतना का आलोक बिखेरते रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक प्रस्तुतियों से अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कैम्ब्रिज प्रजेन्टेशन, टेंडर हर्टस-माइटी ड्रीम्स, लिटिल वाइसेज-बिग वंडर्स, डान्स आॅफ यूनिटी आदि एक से बढ़कर एक शिक्षात्मक कार्यक्रमों को सभी ने खूब सराहा एवं तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा आॅडिटोरियम गूँज उठा। समारोह की खास बात रही कि छात्रों ने अभिभावकों के समक्ष न सिर्फ अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया अपितु विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही ब्राडर एवं बोल्डर शिक्षा पद्धति से अभिभावकों को अवगत कराया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया गया।
सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती शिवानी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को व्यापक तथा समाजोपयोगी ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित करता है, जिससे ये छात्र आगे चलकर विश्व समाज के उत्थान में योगदान दे सकें। उन्होंने विद्यालय की गतिविधियों में सहयोग हेतु अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।



एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know