लोटन, सिद्धार्थनगर।
लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इन दिनों स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। अस्पताल के मुख्य गेट के सामने कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे न केवल दुर्गंध फैल रही है बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। गेट के सामने फैला कचरा प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रहा है। वहीं अस्पताल के शौचालयों की स्थिति भी बदहाल है। शौचालयों को लोग थूकदान के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे गंदगी और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन स्वच्छता की इस स्थिति से मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, बावजूद इसके स्वास्थ्य केंद्र की यह हालत कई सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जिम्मेदार कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में इलाज मिल सके।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know