गोरखपुर।
गोरखपुर से इस वक्त एक सनसनीखेज़ और दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पीपीगंज थाना क्षेत्र में मुंबई की रहने वाली एक महिला की बेरहमी से हत्या कर उसकी लाश पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दी गई। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस जघन्य वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंजाम दिया।
शुक्रवार की सुबह बरघट्टा पुल के नीचे झाड़ियों में एक महिला की नग्न अवस्था में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। महिला का सिर कुचला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी, निवासी मुंबई के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, प्रिया चार दिन पहले अपने प्रेमी विजय की तलाश में ट्रेन से मुंबई से गोरखपुर पहुंची थी, जिसका टिकट भी पुलिस को मिला है।
आरोप है कि विजय ने प्रिया को गांव ले जाने के बजाय पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में किराए के मकान में ठहराया और शादी व आधार कार्ड बनवाने का झांसा देकर उसे भरोसे में लिया। इसी बीच विजय ने पूरे मामले की जानकारी अपनी पत्नी को दे दी, जिसके बाद दोनों ने मिलकर प्रिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
गुरुवार रात जब प्रिया नशे की हालत में थी, तब पति-पत्नी उसे स्कूटी से गोबरहिया नाले के पुल के पास ले गए। पहले गला कसकर उसकी हत्या की गई, फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से ईंट-पत्थरों से सिर कुचल दिया गया। इसके बाद शव को पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
शुक्रवार सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसएसपी राज करन नय्यर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, हत्या कहीं और कर शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां फेंका गया है। घटनास्थल के पास घसीटने के निशान भी मिले हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी विजय पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव का निवासी है और मुंबई में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था, जहां उसकी पहचान प्रिया से हुई थी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। गोरखपुर की यह घटना रिश्तों, विश्वास और लालच पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने