बलरामपुर- डीएवी इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक पद पर पुरानी नियुक्ति में फर्जीवाड़े के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। विद्यालय के प्रबंधक संजय तिवारी की लिखित शिकायत के बाद प्रमुख सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मंडल अयोध्या कौस्तुभ सिंह ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सभी पक्षों को 10 फरवरी को अपने-अपने साक्ष्य के साथ कार्यालय बुलाया गया है।
मामला वर्ष 1991 में सहायक अध्यापक (हिंदी) पद पर अशोक कुमार तिवारी की नियुक्ति से जुड़ा है। उपलब्ध अभिलेख में 11 जुलाई 1991 को उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया है, जबकि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नियुक्ति की पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और उससे जुड़े कई दस्तावेज में विरोधाभास है।
प्रबंधक ने चयन प्रक्रिया व अभिलेखों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा है कि नियुक्ति के समय समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशन का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं है, चयन समिति की कार्यवाही रजिस्टर और अनुमोदन आदेश की प्रतियों में भी तिथियों व विवरण का मिलान भी सही नहीं है। इसके अतिरिक्त वेतन भुगतान अभिलेख, सर्विस बुक और उपस्थिति पंजिका में भी अलग-अलग तिथियां अंकित होने का आरोप लगाया गया है, जिससे नियुक्ति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की सुनवाई 10 फरवरी 2026 को तय कर विद्यालय प्रबंधन, संबंधित शिक्षक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। जांच अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में नियुक्ति पत्र, चयन समिति की कार्यवाही, अनुमोदन आदेश आदि के रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know