सी.एम.एस. का एक और छात्र इण्डियन फाॅरेस्ट सर्विस में चयनित
अखिल भारतीय स्तर पर अर्जित की 33वीं रैंक
लखनऊ, 3 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के एक और छात्र श्रद्धेश चन्द्रा ने आॅल इण्डिया 33वीं रैंक के साथ इण्डियन फाॅरेस्ट सर्विस (आई.एफ.एस.) में चयनित होकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा के परिणाम अभी हाल ही में घोषित किये गये हैं, जिसमें सी.एम.एस. छात्र मोहम्मद आदिल (119वीं रैंक) भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में चयनित हो चुके हैं। इस प्रकार, इस वर्ष सी.एम.एस. के दो छात्र आई.एफ.एस. में जबकि पाँच छात्र आई.ए.एस. जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं हेतु चयनित हो चुके हैं। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. भारती गाँधी ने श्रद्धेश की इस अभूतपूर्व सफलता पर बधाई देते हुए उसके अत्यन्त उज्जवल भविष्य की कामना की है। डा. गाँधी ने विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। भारतीय वन सेवा भारत सरकार की प्रतिष्ठित सेवा है, जिसमें देश भर के लाखों छात्र प्रतिवर्ष चयनित होने का सपना देखते हैं, ऐसे में इस अत्यन्त प्रतिस्पर्धी परीक्षा में चयन हेतु अत्यन्त उच्च स्तरीय प्रतिभा, ज्ञान व मेधात्व की आवश्यकता होती है।
श्री खन्ना ने बताया कि श्रद्धेश चन्द्रा की नर्सरी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा सी.एम.एस. से ही हुई है। श्रद्धेश ने नर्सरी से कक्षा-4 तक सी.एम.एस. महानगर कैम्पस में जबकि 5वीं से लेकर 12वीं तक की शिक्षा सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस से प्राप्त की है। इसके उपरान्त आई.आई.टी खडगपुर से बी.टेक एवं एम.टेक की डिग्री प्राप्त की एवं उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में असिस्टेन्ट इंजीनियर का दायित्व बड़ी ही सफलतापूर्वक संभाला। श्री खन्ना ने बताया कि एक अनौपचारिक वार्ता में श्रद्धेश ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शान्तिपूर्ण वातावरण को दिया है। श्रद्धेश ने कहा कि किसी भी छात्र के लिए आगामी जीवन में सफलता के लिए जरूरी है कि उसकी नींव मजबूत हो, और सी.एम.एस. ने इसमें मेरी बहुत मदद की। सी.एम.एस. छात्रों के लिए अपने संदेश में श्रद्धेश ने कहा कि स्कूली दिनों का आनंद लें और अपने लक्ष्य पर सदैव डटे रहें।
श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग हेतु प्रेरित करता है एवं उसी के अनुसार उत्कृष्ट शिक्षा व मार्गदर्शन प्रदान करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. के छात्र प्रतिवर्ष आई.ए.एस., इन्जीनियरिंग, मेडिकल व अन्य व्यावसायिक सेवाओं में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know