उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सोरों श्री हरि विष्णु के वराह अवतार से सम्बन्धित तथा सांख्य दर्शन के रूप में भारत की ज्ञान परम्परा को आम जनमानस तक पहुंचाने वाले महर्षि कपिल की पावन धरा है। सृष्टि निर्माण की प्रक्रिया में भगवान श्री विष्णु अपने तीसरे अवतार, वराह के रूप में सोरों की धरती पर लोगों के कल्याण के लिए अवतरित हुए। यहां के आध्यात्मिक महत्व को डबल इंजन सरकार ने समझा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विरासत और विकास के संकल्प को प्रभावी ढंग से जमीनी धरातल पर उतारने का काम किया गया है। जनपद कासगंज में चल रही विकास परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं। इसी क्रम में आज जनपद कासगंज वासियों को 724 करोड़ रुपये लागत की 60 विकास परियोजनाआें की सौगात मिल रही है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद कासगंज में 724 करोड़ रुपये लागत की 60 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 556 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 36 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 167 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। लोकार्पित परियोजनाआें में जनपद कासगंज की अत्याधुनिक रिज़र्व पुलिस लाइन्स का लोकार्पण भी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलम्बन एवं सम्मान के लिए आगरा जोन द्वारा संचालित ऑपरेशन जागृति को स्मार्ट पुलिसिंग अवॉर्ड वुमेन सेफ्टी-2025 से पुरस्कृत किया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने रिज़र्व पुलिस लाइन्स कासगंज में नवनिर्मित गंगा गेस्ट हाउस, बैरकों, क्वॉटर गार्ड, जिम एवं मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण तथा ऑडिटोरियम का लोकार्पण/शिलालेख का अनावरण किया। उन्होंने पुलिस लाइन्स परिसर में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूनिफॉर्म की कीमत और महत्व क्या होता है, यह आप सभी ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान पाकिस्तान को सबक सिखाने वाले बहादुर जवानों के शौर्य और पराक्रम के माध्यम से देखा होगा। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तान को चारों खाने चित करते हुए उसे उसी की भाषा में जवाब दिया है। भारत ने उसे बता दिया है कि यदि हमारे एक नागरिक को छेड़ोगे, तो हम तुमको छोड़ेंगे नहीं। आज पाकिस्तान अपने अस्तित्व के लिए पूरी दुनिया के सामने गुहार लगाता फिर रहा है। यह सब इसलिए सम्भव हो सका है, क्योंकि विगत 10 वर्षां में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य किये गये हैं। भारतीय सेना दुश्मन के प्रत्येक दुस्साहस का जवाब देने के लिए हमेशा तत्पर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस प्रकार सीमाओं की सुरक्षा के लिए देश की सेना काम कर रही है, उसी प्रकार देश की आन्तरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की भूमिका होती है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा होता था। पर्व व त्योहारों पर लोग सुरक्षा के सम्बन्ध में आशंकित रहते थे। आज उत्तर प्रदेश पुलिस देश में एक मॉडल के रूप में देखी जा रही है। प्रदेश की पुलिस हर प्रकार के संसाधनों तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। राज्य की पुलिस माफियाओं और अपराधियों का काल बन चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह नये भारत का नया उत्तर प्रदेश है। आज 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित कासगंज की अत्याधुनिक पुलिस लाइन्स का लोकार्पण भी किया जा रहा है। इस पुलिस लाइन्स में 1000 जवानों की आवासीय क्षमता से युक्त 05 बैरक बनाये गये हैं। यहां पुलिस अधिकारियों के लिए भी आवासीय सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, यहां भोजनालय, चिकित्सालय, पुलिस क्लब, लाइब्रेरी, सी0पी0सी0 कैण्टीन, जलपान कैण्टीन, गेस्ट हाउस, जिला नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक भवन, मल्टीपरपज हॉल, जिम, बैडमिण्टन कोर्ट, ऑडिटोरियम, पुलिस मॉडर्न स्कूल का निर्माण किया गया है।
पुलिस लाइन्स में रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण केन्द्र के संचालन की व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम ने निर्धारित समय-सीमा में यह निर्माण कार्य पूर्ण किया है। यह कार्यक्रम अनवरत रूप से आगे बढ़ेगा। अब पुलिस कर्मी एसबेस्ट्स के टूटे हुए बैरक में नहीं रहेंगे, बल्कि शानदार आवासीय सुविधाओं से युक्त हाईराइज बिल्डिंग में निवास करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का शिलान्यास भी किया जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर यह कम्पोजिट विद्यालय शिक्षा का मॉडल बनने जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-06 से कक्षा-12 तक शिक्षा प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक की शिक्षा दी जाएगी। इसके पहले चरण में जनपद स्तर, दूसरे चरण में तहसील स्तर, तीसरे चरण में ब्लॉक स्तर तथा चौथे चरण में न्याय पंचायत स्तर पर विद्यालयों की श्रृंखला खड़ी की जाएगी। प्रदेश का प्रत्येक गरीब बच्चा आधुनिक शिक्षा से युक्त होकर देश के विकास में अपना योगदान देगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन विकास, पेयजल, नगरीय विकास आदि से सम्बन्धित विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया जा रहा है। यहां के जनप्रतिनिधियों ने रुचि लेकर इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दिया है। सोरों का वही महत्व है, जो आज सम्भल का है। सम्भल भगवान विष्णु के कल्कि अवतार की भूमि है और सोरों भगवान विष्णु के वराह अवतार की भूमि है। सोरों से भगवान विष्णु का तीसरा तथा सम्भल से उनका 10वां अवतार सम्बन्धित है।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण भी श्री हरि विष्णु के अवतार हैं। श्री हरि विष्णु ने समय-समय पर अवतार लेकर मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। पर्यटन विकास के माध्यम से जैसे अयोध्या का विकास हुआ है तथा मथुरा-वृन्दावन के समग्र विकास की बड़ी कार्य योजनाओं को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे ही, सोरों के विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रयागराज महाकुम्भ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगायी। प्रयागराज में आस्था को आर्थिकी से जोड़ने का उदाहरण प्राप्त हुआ है। ऐसे ही, उदाहरण आने वाले समय में सोरां भी प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने उन्हें कुछ प्रस्ताव दिये हैं, इनमें नगर पंचायत सहावर में बाईपास निर्माण, नदरई पुल का सौन्दर्यीकरण व पुनरुद्धार, कासगंज की पौराणिक परम्परा को म्युजियम के रूप में संजोने, दरियावगंज में झील का सौन्दर्यीकरण आदि सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि वह कासगंज की पौराणिक परम्परा को म्युजियम के रूप में संजोने के प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति प्रदान करते हैं। यह सभी प्रस्ताव यदि जमीनी धरातल पर उतरते हैं, तो कासगंज को समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी तथा बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में कासगंज रिज़र्व पुलिस लाइन्स के निर्माण पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पुलिस महानिदेशक श्री प्रशान्त कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know