*2017 के पहले उत्तर प्रदेश में था गुंडे-माफियाओं का बोलबाला, आज बना उत्तम प्रदेश: संदीप सिंह*

*- योगी सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर एटा में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां*

*- सपा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार पर मंत्री संदीप सिंह ने बोला हमला*

*- योगी सरकार आई तब सिस्टम पारदर्शी बना- बेसिक शिक्षा मंत्री*

*- उत्तर प्रदेश की नकल विहीन व सशक्त शिक्षा व्यवस्था बना मॉडल- बेसिक शिक्षा मंत्री*

*एटा, 26 मार्च।* 2017 के पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडे-माफियाओं और भ्रष्टाचार के अंधकार में लिपटी थी। चारों तरफ अपराधियों का बोलबाला था, टूटी सड़कों और नकल माफिया के शिकंजे में जकड़ी शिक्षा व्यवस्था ने प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया था। लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार के सत्ता संभालते ही प्रदेश ने विकास और सुशासन की नई उड़ान भरी। ये बातें प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप ने बुधवार को एटा के जिला पंचायत परिसर के जनेश्वर मिश्र सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कही। 

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने योगी सरकार के 8 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज उत्तम प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्वपर्ती सपा सरकार में योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था, लेकिन अब हर वर्ग को योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। मंत्री ने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश गुंडाराज से मुक्त होकर उत्तम प्रदेश बना है, उसी तरह आगे भी विकास की यह रफ्तार जारी रहेगी। योगी सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए संकल्पित है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश का सबसे तेजी से विकसित होता प्रदेश बन चुका है।

*2017 से पहले भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा था उत्तर प्रदेश- संदीप सिंह* 

मंत्री संदीप सिंह ने पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार और अपराध की दलदल में फंसा था। सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था क्योंकि सत्ता में बैठे भ्रष्टाचारियों द्वारा प्रदेश की संपत्तियों को लूटा जा रहा था। कौन कितना लूट ले इसकी होड़ मची थी। उन्होंने कहा कि पहले जब गरीबों को योजनाओं का लाभ देने की बात आती थी तो प्रदेश सरकार के खजाने खाली हो जाते थे। चाहे सड़क निर्माण हो, इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो या गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं हों, हर जगह भ्रष्टाचार अपनी जड़ें जमा चुका था। प्रदेश की जनता बेहाल थी और सरकार सिर्फ अपने स्वार्थ की राजनीति में लिप्त थी।

*योगी सरकार आई तब सिस्टम पारदर्शी बना- बेसिक शिक्षा मंत्री*
उन्होंने कहा कि 2017 के बाद जब योगी सरकार सत्ता में आई तो सिस्टम को पारदर्शी बनाया गया, सरकारी योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया और भ्रष्टाचार पर नकेल कसी गई। आज उत्तर प्रदेश की सरकार के खजाने में धन की कोई कमी नहीं है और हर नागरिक को योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है।

*पहले अपराध और अराजकता से जनता त्रस्त थी, आज है कानून का राज- मंत्री*
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का नाम सुनते ही दहशत का माहौल बन जाता था। अपराधियों का बोलबाला था, माफिया खुलेआम घूमते थे और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी। सड़कों पर आतंक था और प्रदेश की छवि धूमिल हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पहले के उत्तर प्रदेश में अपराधी सत्ता के संरक्षण में फलते-फूलते थे। कोई भी युवा जब अन्य राज्यों में जाता था तो उसे बताने में शर्म आती थी कि वह उत्तर प्रदेश से है। लेकिन आज, योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है। अब यहां अपराधियों की जगह जेल में है और कानून व्यवस्था प्रदेश में सर्वोच्च प्राथमिकता बन चुकी है।

*परिषदीय विद्यालयों में बड़ा बदलाव, नकल विहीन परीक्षा बना मॉडल- बेसिक शिक्षा मंत्री*
शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए संदीप सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की परीक्षा प्रणाली नकल के लिए बदनाम थी। देश के किसी भी राज्य में अगर कोई छात्र फेल हो जाता था तो उसे उत्तर प्रदेश आकर नकल करके पास होने का आसान रास्ता मिल जाता था। लेकिन योगी सरकार ने इस कुरीति को खत्म कर नकल विहीन परीक्षा प्रणाली लागू की। अब उत्तर प्रदेश की शिक्षा प्रणाली को पूरे देश में मिसाल के रूप में देखा जाता है। परिषदीय विद्यालयों की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है, छात्रों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार केंद्र में आई, और 2017 में उत्तर प्रदेश में सीएम योगी ने सत्ता संभाला तब प्रदेश के विकास को गति मिली। केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने