सी.एम.एस. से सम्मान सहित विदा हुए पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’

लखनऊ, 31 मई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’ लगभग 50 वर्ष की अर्धशतकीय सेवा के उपरान्त आज सेवानिवृत्त हो गये। इस अवसर पर सी.एम.एस. प्रबन्धन व कार्यकर्ताओं ने पं. शर्मा को अत्यन्त सम्मान सहित विदाई दी एवं सी.एम.एस. के उत्तरोत्तर विकास में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। इस अवसर पर पं. शर्मा को उनकी अतुलनीय सेवाओं हेतु प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया जबकि सी.एम.एस. अधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पं. शर्मा को फूल-मालाओं से लादकर अपना सम्मान प्रकट किया। सी.एम.एस. प्रधान कार्यालय के हॉल में आयोजित इस सम्मान समारोह में सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन समेत सभी अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में पं. हरि ओम शर्मा ने कहा कि सी.एम.एस. मेरे लिए मात्र कार्यालय ही नहीं अपितु शिक्षालय भी रहा है, जहाँ सी.एम.एस. संस्थापक स्मृति शेष डा. जगदीश गाँधी व आदरणीया डा. भारती गाँधी ने मेरे व्यक्त्वि को बड़े स्नेह व सौहार्द से गढ़ा। मेरे प्रेरणास्रोत इन्हीं महान शिक्षकों की छात्रछाया में मैंने पूरी निष्ठा व समर्पण भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह किया। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि ‘‘श्री शर्मा जी बहुत कम उम्र से ही इस संस्था से जुड़े और संस्था के विकास में भरपूर सहयोग किया। श्री शर्मा जी संस्था के कर्मठ अधिकारी रहे हैं और अपने दायित्वों को सदैव ही बड़ी जिम्मेदारी से निभाया। मुझे विश्वास है कि सी.एम.एस. के अन्य कार्यकर्ता भी श्री शर्मा जी के विचारों व कर्मठता से प्रेरित होंगे।’’ सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा ‘‘अपने 50 वर्षों के सेवा काल में श्री शर्मा जी ने शिक्षा व साहित्य जगत में कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं, जिन पर सी.एम.एस. परिवार गौरवान्वित है। हम परमपिता परमात्मा से श्री शर्मा जी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।’’

विदित हो कि सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी व मूर्धन्य साहित्यकार पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’ अब तक 19 पुस्तकें लिख चुके हैं एवं उनकी लेखनी अनवरत् गतिमान है। पं. शर्मा के उत्कृष्ट लेखन को देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी सराहा गया है। साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान हेतु पं. हरि  ओम शर्मा ‘हरि’ को विभिन्न उपाधियों व सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है जिनमें पत्रकार गौरव सम्मान, सागरिका सम्मान, साहित्य मनीषी सम्मान, साहित्य सागर सम्मान, प्रकृति रत्न सम्मान, साहित्य रत्न सम्मान, साहित्य श्री सम्मान, ‘शब्दश्री’ सम्मान, सारस्वत सम्मान, साहित्य भूषण सम्मान, सृजन सम्मान एवं उ.प्र. हिन्दी संस्थान द्वारा गुलाब राय सर्जना पुरस्कार आदि प्रमुख हैं।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने