मेंटल मैथमेटिक्स कम्पटीशन में सी.एम.एस. छात्र को प्रथम पुरस्कार

लखनऊ, 3 मार्च। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस के कक्षा 4 के छात्र आदित्य सिंह ने एबेकस एवं मेंटल मैथमेटिक्स कम्पटीशन में प्रथम पुरस्कार अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता  का आयोजन यूनिवर्सल कान्सेप्ट आॅफ मेन्टल अर्थमेटिक सिस्टम (यू.सी.एम.ए.एस.) के तत्वावधान में किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्र ने एबाकस के माध्यम से विभिन्न ट्रिक्स अपनाकर गणित के सवालों के जवाब निकाले तथापि गणित में अपनी महारत सिद्ध करने के साथ ही बौद्धिक व तार्किक प्रतिभा का परचम लहराया। आदित्य ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के संकेत दिये है। आयोजकों ने सी.एम.एस. छात्र की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र, ट्राफी व नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट एवं एम.डी., प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस प्रतिभाशाली छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

श्री शर्मा ने बताया कि यह प्रतियागिता छात्रों को बौद्धिक क्षमता पर ध्यान केन्द्रित करने तथा त्वरित गति से समाधान ढूढ़ने एवं सीखने की क्षमता का विकास करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। सी.एम.एस. अपने छात्रों को देश-विदेश में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग हेतु लगातार प्रोत्साहित करता रहता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र सदैव ही विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा की छाप छोड़कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने