रायबरेली, 27 सितंबर 2023
साल का तीसरा और अंतिम विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तीन से 31 अक्टूबर तक चलेगा | इसके साथ ही 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा | 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बारे में बताया कि इस बार डिजिटल इंटरवेंशन किया गया है | दस्तक अभियान के तहत प्रथम पंक्ति कार्यकर्ता (आशा और आंगबाड़ी कार्यकर्ता) बुखार के रोगियों, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस रोगियों, क्षय रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, कुष्ठ, फाइलेरिया एवं काला-अजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों की सूची बनायेंगी तथा इन रोगों के लक्षण वाले किसी व्यक्ति की सूचना मिलने पर उस व्यक्ति का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित सम्पूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर डिजिटल अपलोड करेंगे |
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. कृष्णा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित 12 अन्य विभाग भी सहयोग कर रहे हैं | स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका में है | अन्य विभागों में– नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग/ग्राम विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग प्रमुख हैं |
नोडल अधिकारी डॉ. कृष्णा ने बताया कि सभी विभागों द्वारा की जाने वाली गतिविधियां सुनिश्चित की गईं हैं | इसके साथ ही व्यापक प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों को मच्छर जनित परिस्थितियां उत्पन्न न होने देने के लिए जागरूक किया जाएगा |

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने