मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने जनपद देवरिया में 6,200 करोड़ रु0 से अधिक की 04 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 01 परियोजना के कार्य का शुभारम्भ किया

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने विगत 06 वर्षों में विकास, सुरक्षा, बिना भेदभाव के गरीब कल्याण का मॉडल दिया : मुख्यमंत्री

आज भारत दुनिया में विश्वास का प्रतीक बना, समर्थ भारत की तस्वीर दुनिया को आकर्षित कर रही

राजमार्ग के साथ ही अन्य सड़कों का भी निर्माण हो रहा, हाईवे ने एक नई गति पकड़ी

आज देश में केवल राष्ट्रीय राजमार्ग ही नहीं, बल्कि उसके सहायक मार्गों को भी 4-लेन एवं 6-लेन में बदलने का कार्य हो रहा

प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हिन्दुस्तान आज एनर्जी को एक्सपोर्ट करने वाला देश बना : केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री

किसान अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बने, तभी उनमें आत्मनिर्भरता आयेगी और देश को भी ईंधन की निर्भरता से मुक्ति मिलेगी


लखनऊ : 12 जून, 2023


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी तथा केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज जनपद देवरिया में 6,200 करोड़ रुपये से अधिक की 04 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 01 परियोजना के कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी, टूलकिट, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, मिनी किट आदि का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने देवरहा बाबा एवं बाबा राघवदास की जमीन पर हजारों करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनपद देवरिया, बलिया, कुशीनगर के निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने विगत 06 वर्षों में विकास, सुरक्षा, बिना भेदभाव के गरीब कल्याण का मॉडल दिया है। सबका साथ, सबका विकास ने अपनत्व का भाव दिया है। यह और तेजी के साथ आगे बढ़ेगा। दुनिया ने आत्मविश्वास से भरे हुए भारत को देखा है। आज भारत दुनिया में विश्वास का प्रतीक बना है। साथ ही, देश में किसानां, गरीबों, महिलाओं और नौजवानों के लिए भी आशा एवं विश्वास का प्रतीक है, जो नये भारत को तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। समर्थ भारत की तस्वीर दुनिया को आकर्षित कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर का कार्य हुआ है। राजमार्ग के साथ ही अन्य सड़कों का भी निर्माण हो रहा है। हाईवे ने एक नई गति पकड़ी है। आज देश में केवल राष्ट्रीय राजमार्ग ही नहीं, बल्कि उसके सहायक मार्गों को भी 4-लेन एवं 6-लेन में बदलने का कार्य हो रहा है। यह सब सपना था, जो आज हकीकत है। सुरक्षा के मानकों के साथ हाइवे का निर्माण हो रहा है। प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों में बाईपास बनाया जा रहा है। यह लोगां को ट्रैफिक जाम से मुक्ति की एक युक्ति भी है। शहर के तेजी से विकास हेतु एक नये मार्ग को आगे बढ़ाने के साथ-साथ शहरीकरण के माध्यम से अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक नया मॉडल भी प्रस्तुत करने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद देवरिया तथा कुशीनगर को उत्तर प्रदेश का चीनी का कटोरा कहा जाता था। उत्तर प्रदेश में पहली चीनी मिल आज से 120 वर्ष पहले इसी देवरिया के प्रतापपुर में लगी थी। धीरे-धीरे सभी चीनी मिलें बंद होती गईं। प्रदेश सरकार जनपद में बन्द पड़ी बैतालपुर चीनी मिल को शुगर कॉम्प्लेक्स बनाना चाहती है। इसके लिए मा0 उच्चतम न्यायालय में रिट दाखिल की गयी है। मा0 उच्चतम न्यायालय द्वारा परमिशन मिलते ही जनपद में बैतालपुर की चीनी मिल पर शुगर मिल कॉम्प्लेक्स, एथेनॉल एवं डिस्टिलरी प्लाण्ट की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही, चीनी मिलों की पुनर्स्थापना के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। उत्तर प्रदेश आज गन्ना उत्पादन में देश का नम्बर एक राज्य बन गया है। चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश, देश में पहले स्थान पर है।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। प्रदेश में गुण्डा राज समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत हमारा सपना है। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हिन्दुस्तान आज एनर्जी को एक्सपोर्ट करने वाला देश बना है। एथेनॉल, जैव ईंधन, हाइड्रोजन पर आधारित ईंधन देश की जरुरत है। इन ईंधनां के प्रयोग से पेट्रोलियम पर होने वाले व्यय में कमी आयेगी, जो देश के विकास में उपयोगी होगा। हाइड्रोजन देश का भविष्य है। उत्तर प्रदेश हाइड्रोजन बनाने वाला पहला प्रदेश बनना चाहिये। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बने, तभी उनमें आत्मनिर्भरता आयेगी और देश को भी ईधन की निर्भरता से मुक्ति मिलेगी।
कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हाईवे परियोजनाएं जमीन पर उतर रही हैं। इन परियोजनाओं के निर्माण से यातायात में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में कृषि विकास में भी बढ़ोत्तरी हो रही है।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि आज शिलान्यास की गई परियोजनाओं में नवलपुर-सिकन्दरपुर खण्ड का 2/4 लेन पेव्डशोल्डर सड़क का निर्माण (एन0एच0 727बी, कुल लम्बाई 45 कि0मी0, कुल लागत 2,060 करोड़ रुपये से अधिक), 4-लेन सलेमपुर बाईपास का निर्माण (एन0एच0 727ए एवं एन0एच0 727बी, कुल लम्बाई लगभग 15 कि0मी0, कुल लागत 1,348 करोड़ रुपये), तमकुहीराज-बिहार बॉर्डर-मझौली खण्ड का 2-लेन पेव्डशोल्डर सड़क का निर्माण (एन0एच0 727बी, कुल लम्बाई लगभग 25 कि0मी0, कुल लागत 700 करोड़ रुपये), सलेमपुर-मैरवा खण्ड का 2-लेन पेव्डशोल्डर सड़क का निर्माण (एन0एच0 727ए, कुल लम्बाई 21 कि0मी0, कुल लागत 372 करोड़ रुपये) शामिल है। इसके अलावा, एन0एच0 727ए, कुल लम्बाई 22 कि0मी0, कुल लागत 1,735 करोड़ रुपये लागत के 4-लेन देवरिया बाईपास के निर्माण कार्य का शुभारम्भ भी किया गया।

--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने