जौनपुर : गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में शुक्रवार की देर शाम अंडा की दुकान पर पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हालत नाजुक देखते हुए उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुकानों में तोड़-फोड़ की। आक्रोशित लोगों ने धर्मापुर से प्रसाद तिराहा तक पथराव किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ दिया। धर्मापुर निवासी बादल यादव (26), जफराबाद थाना क्षेत्र के उतरगावां निवासी अंकित यादव शाम करीब 7.30 बजे बाजार में विजय जायसवाल की दुकान पर अंडा खा रहे थे। आरोप है कि उसी समय वहां कबीरुद्दीनपुर गांव का दूसरे जाति का एक युवक पहुंच गया। बादल यादव की उससे पुरानी रंजिश चली आ रही थी। अंडा खाने के दौरान शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में तब्दील हो गई। आक्रोशित युवक ने बादल व अंकित के पेट में चाकू मार दिया। दोनों लथपथ होकर गिर पड़े। हमलावर विजय यादव के बगल में अंडा बेचने वाले विपिन यादव की दुकान में घुसकर दरवाजा बंद लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुकान घेर लिया। इसी दौरान हमलावर किसी तरह से निकलकर भाग गया। घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डाक्टरों ने बादल यादव को मृत घोषित कर दिया। अंकित को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू रेफर कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विजय जायसवाल व विपिन यादव की दुकानों में तोड़-फोड़ की। विपिन यादव की पिटाई भी कर दी। एएसपी (सिटी) डा. संजय कुमार, सीओ केराकत शुभम तोदी, सीओ सिटी जितेंद्र दुबे शांति व्यवस्था बनाए रखने को डंटे हुए हैं। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर अवधनाथ यादव ने कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर किया जाएगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने