जनपद बलरामपुर-- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जनपद में विशाल विरोध जुलूस निकाला। कांग्रेस ने इस दिन को ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की।
जुलूस के बाद आयोजित सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव चंद्रशेखर मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अवधेश पाल सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्रा, विजय उपाध्याय और डॉ. खलीउल्लाह ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के अनुसार विपक्ष के नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने सांसदों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष अपनी बात रखने जा रहे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस द्वारा उन्हें रोका गया, जिसके बाद वे कई घंटे धरने पर बैठे रहे और बाद में उन्हें हिरासत में लिया गया। इसी घटना के विरोध में कांग्रेस द्वारा देशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सांसदों के साथ हुई कार्रवाई का वे विरोध करते हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know