पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
हैंडपंपों की मरम्मत और शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
डिजिटल लाइब्रेरी और मुख्यमंत्री ग्राम सौर ऊर्जा योजनाओं को गति देने पर जोर
लखनऊ: 13 अक्टूबर, 2026
पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में स्थापित हैंडपंपों की मरम्मत, उनके भौतिक सत्यापन, जियो टैगिंग और पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हैंडपंपों की मरम्मत और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पर विशेष जोर
मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्राम पंचायतों में स्थापित हैंडपंपों की स्थिति की समीक्षा करते हुए खराब हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए हैंडपंपों का भौतिक सत्यापन कराया जाए और उनकी वास्तविक स्थिति के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव की कार्रवाई की जाए। उन्होंने हैंडपंपों की जियो टैगिंग के माध्यम से उनकी स्थिति का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने तथा पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक परीक्षण कराने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की समीक्षा
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित कार्यों एवं आईईसी गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री जी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय की सहभागिता बढ़ाने तथा निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
डिजिटल लाइब्रेरी और मुख्यमंत्री ग्राम सौर ऊर्जा योजना की प्रगति पर चर्चा
समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना एवं उनके संचालन से संबंधित प्रगति की भी जानकारी ली गई। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल संसाधनों के माध्यम से अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ग्राम सौर ऊर्जा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने संबंधित अधिकारियों से योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पंचायत सहायकों की मांगों और आधार सेवा प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श
बैठक में पंचायत सहायकों की विभिन्न मांगों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही आधार सेवा प्रस्ताव के संबंध में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श हुआ। मंत्री जी ने विभागीय योजनाओं एवं प्रस्तावों से संबंधित विषयों पर आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ आगे की कार्यवाही पर चर्चा की।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री रविंद्र, विशेष सचिव सहित पंचायती राज विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know