मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया
एयर शो से सम्बन्धित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मिर्जामुराद स्थित अरविन्द मिल की नयी इकाई के उद्घाटन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया, इकाई का लोकार्पण प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जाना प्रस्तावित
इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया
मुख्यमंत्री ने श्री कालभैरव मन्दिर तथा श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
लखनऊ : 14 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत आगामी 22 से 25 अक्टूबर, 2026 तक नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस तीन दिवसीय एयर शो में 25 अक्टूबर, 2026 को प्रधानमंत्री जी एवं रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के साथ अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने निरीक्षण के दौरान नमो घाट के अलावा, अन्य गंगा घाटों पर भी चाक चौबन्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एयर शो से सम्बन्धित अन्य आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ प्राथमिकता पर पूर्ण करने अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री जी ने मिर्जामुराद स्थित अरविन्द मिल की नयी इकाई के उद्घाटन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस इकाई का लोकार्पण 25 अक्टूबर, 2026 को प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस इकाई की लागत 100 करोड़ रुपये है तथा इसके माध्यम से 1,000 से अधिक रोजगार सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद भी किया। वर्तमान में लगभग 300 महिलाओं को इस इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। इकाई का भूमिपूजन 25 अप्रैल, 2024 को हुआ था। यह इकाई खोचवां (भड़ेहरा) गाँव में हाईवे के किनारे 07 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एम0एस0एम0ई0 राज्यमंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने श्री कालभैरव मन्दिर तथा श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन-पूजन किया।
---------
--

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know