जनपद बलरामपुर - उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे "मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0" के अंतर्गत बलरामपुर पुलिस द्वारा जनपद में एक और प्रेरणादायक कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज में छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना पर आधारित वृहद कैरियर गाइडेंस प्रोग्राम एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया।
​कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएँ:
​निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन: कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), NEET, JEE, NDA, CLAT, बैंकिंग, एसएससी और विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के लिए दी जाने वाली निःशुल्क ऑफलाइन/ऑनलाइन कोचिंग, लाइब्रेरी और पाठ्य सामग्री के बारे में बताया गया।
​सफलता के सूत्र: विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर चयनित हुए कर्मियों और अभ्युदय योजना के प्रशिक्षकों ने छात्राओं के साथ अपने संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने समय प्रबंधन (Time Management), लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया।
​साइबर सुरक्षा और सतर्कता: वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स, स्नैपचैट) के सुरक्षित इस्तेमाल, अनजान लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, और सेक्सटॉर्शन जैसी वारदातों से बचने के उपाय बताए गए।
​हेल्पलाइन नंबर की जानकारी: छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in का उपयोग करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, बलरामपुर पुलिस के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से जुड़कर सत्यापित और सुरक्षित जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
​कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा उनसे आह्वान किया गया कि वे मिशन शक्ति अभियान से जुड़कर स्वयं सशक्त बनें और समाज की अन्य बालिकाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।
                  

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने