जनपद बलरामपुर- दिव्यांगजनों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विकास खंड उतरौला में वृहद दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया तथा पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से संवाद करते हुए विधायक ने उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ-साथ उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कुल 55 लाभार्थियों को 105 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 18 ट्राई साइकिल, 12 व्हीलचेयर, 20 बैसाखी, 40 कान की मशीन (हियरिंग एड), 11 स्मार्ट केन, 02 ब्रेल किट तथा 02 एमआर किट शामिल रहीं। आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी।
इसके साथ ही कार्यक्रम में 05 पात्र लाभार्थियों को शादी अनुदान योजना के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। लाभार्थियों को विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं तथा उनसे मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी भी दी गई।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा बताया गया कि पात्र दिव्यांगजनों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने तथा उन्हें अधिक स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उतरौला, खंड विकास अधिकारी उतरौला, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने