जनपद बलरामपुर- थाना रेहरा बाजार पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 167 नग सागौन के बोटे और करीब 5 कुंतल जलौनी लकड़ी बरामद की है। टीम ने लकड़ी लदे ट्रक संख्या UP51 AT 3840 को कब्जे में लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रेहरा बाजार अनिल कुमार दीक्षित के नेतृत्व में की गई।
*मुखबिर की सूचना पर इटवा जंगल में घेराबंदी*
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि शहजौरा की ओर से ग्रामीण क्षेत्र और जंगल से काटी गई लकड़ी ट्रक में लादकर मनकापुर की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना पर रेहरा बाजार पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ इटवा जंगल के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान मनकापुर की ओर जा रहे ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 167 नग सागौन के बोटे और करीब 5 कुंतल जलौनी लकड़ी लदी मिली। लकड़ी के संबंध में वैध ट्रांजिट पास मांगा गया, जिसे आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में लकड़ी काटकर बेचने की बात
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मिलकर सरकारी जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों से सागौन की लकड़ी चोरी से काटकर शहर में बेचते थे।
ये दो आरोपी गिरफ्तार
राम कुमार पुत्र पवन कुमार, निवासी नई बस्ती बैरीपुर, थाना मनकापुर, जनपद गोंडा।
संतोष सिंह उर्फ शक्ति सिंह पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी बैरिया सुरजनपुर, थाना रेहरा बाजार, जनपद बलरामपुर।
ट्रक समेत भारी मात्रा में लकड़ी बरामद
संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 167 नग सागौन के बोटे, करीब 5 कुंतल सागौन की जलौनी लकड़ी और एक ट्रक UP51 AT 3840 बरामद किया।
मामले में थाना रेहरा बाजार पर मु0अ0सं0 239/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2)/317(2), वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धारा 4/10, उत्तर प्रदेश वन उपज अभिवहन नियमावली 1978 की धारा 3/28 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26/52 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक प्रभात पाल, कांस्टेबल सूरज कुमार वर्मा एवं प्रवेश वर्मा।
वन विभाग: उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार पाण्डेय, वन रक्षक राजेश्वर दत्त तिवारी एवं चालक अवधेश कुमार गुप्ता।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know