उ0प्र0 की राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व0 श्री रामविलास पासवान की छठवीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
लखनऊ : 08 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व0 श्री रामविलास पासवान की छठवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बिहार में आज से 50 वर्ष पहले एक युवा नेता के रूप में स्व0 रामविलास पासवान जी का अभ्युदय हुआ था। वह सदैव दलितों और वंचितों की एक प्रखर आवाज बने रहे। बिहार की जनता-जनार्दन ने उन्हें बड़े सम्मान के साथ सर्वाधिक मतों से भारत की संसद में भेजा। उन्होंने आजीवन अपनी आवाज को राजनीति के माध्यम से सामाजिक चेतना को जागरूक करने और बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए समर्पित रखा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें संसद में श्री रामविलास पासवान जी के साथ लम्बे समय तक कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उनके मन में भारत की परम्परा के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव था, जितना यह भाव था कि दलित और वंचित समाज को न्याय मिले, समाज की मुख्यधारा में सम्मान मिले और उन्हें उचित स्थान प्राप्त हो। श्री पासवान जी ने अपने संकल्प को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को एक मंजिल तक पहुंचाने के लिए आजीवन कार्य किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज बिहार में उनकी पुण्यतिथि को एक राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने बिहार सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज से 50 वर्ष पहले जो आवाज उभरी थी, उसके पीछे एक संकल्प था और स्व0 रामविलास पासवान जी ने जो कहा, उसके अनुरूप अपना जीवन जिया। जिस प्रकार का सम्मान श्री रामविलास पासवान जी को बिहार में मिला, वैसा सम्मान उत्तर प्रदेश में भी उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा। यही सामाजिक न्याय की वह लड़ाई है, जिसके लिए श्री पासवान जी ने अपना पूरा जीवन समर्पित करते हुए उसे आगे बढ़ाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज स्व0 रामविलास पासवान जी की भौतिक उपस्थिति निश्चित रूप से खलती है। उनकी स्मृतियां सदैव हमें उनका स्मरण कराती हैं। लेकिन इस बात पर संतोष होता है कि उनकी भौतिक अनुपस्थिति में उनके पुत्र श्री चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने में निरन्तर लगे हुए हैं। श्री चिराग पासवान आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सान्निध्य में केन्द्रीय मंत्री के रूप में अपनी प्रखर आवाज को निरन्तर विभिन्न मंचों के माध्यम से आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने स्व0 रामविलास पासवान जी के सहज व्यक्तित्व और व्यवहार को स्मरण करते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री के रूप में चाहे वह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ रहे हों, अथवा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मंत्रिमण्डल के सदस्य के रूप में कार्य किया हो, या किसी चुनावी सभा अथवा अन्य कार्यक्रम में उनके साथ सहभागिता का अवसर आया हो, उनका स्नेह और सदाशयतापूर्ण व्यवहार प्रत्येक हृदय को छू लेने वाला था।
इस अवसर पर केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान, प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
--------
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know